भारत

बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने सरकार पर उठाए सवाल, कहा- आखिर कब तक सब्र करे भारत का नौजवान?

jantaserishta.com
2 Dec 2021 10:24 AM IST
बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने सरकार पर उठाए सवाल, कहा- आखिर कब तक सब्र करे भारत का नौजवान?
x

लखनऊ: पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर अपनी ही सरकार के खिलाफ बगावती सुर दिखाए हैं. लगातार किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रहे वरुण ने इस बार नौकरी और पेपर लीक मामले को लेकर निशाना साधा है. वरुण गांधी ने पूछा कि आखिर कब तक सब्र करे भारत का नौजवान?

वरुण गांधी ने ट्वीट किया, पहले तो सरकारी नौकरी ही नहीं है, फिर भी कुछ मौका आए तो पेपर लीक हो, परीक्षा दे दी तो सालों साल रिजल्ट नहीं, फिर किसी घोटाले में रद्द हो. रेलवे ग्रुप डी के सवा करोड़ नौजवान दो साल से परिणामों के इंतजार में हैं. सेना में भर्ती का भी वही हाल है. आखिर कब तक सब्र करे भारत का नौजवान?
यूपी में हाल ही में UPTET परीक्षा का पेपर लीक हो गया था. इसे लकेर वरुण गांधी ने ट्वीट किया था, UPTET परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है. इस दलदल की छोटी मछलियों पर कार्यवाही से काम नहीं चलेगा, उनके राजनैतिक संरक्षक शिक्षा माफियाओं पर कठोर कार्यवाही करे सरकार. क्योंकि अधिकांश शिक्षण संस्थानों के मालिक राजनैतिक रसूख दार हैं, इनपर कार्यवाही कब होगी?
इससे पहले वरुण गांधी ने लखीमपुर हिंसा को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिखा था. इसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा पर एक्शन की मांग की थी. वरुण गांधी ने कहा था कि वह कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा का स्वागत करते हैं. उन्होंने कहा है कि एमएसपी और अन्य मुद्दों पर कानून की मांग पर भी तत्काल निर्णय लिया जाए, ताकि किसान आंदोलन समाप्त करके घर लौट सकें.
वरुण ने कहा था, वरिष्ठ पदों पर बैठे कई नेताओं ने आंदोलनकारी किसानों के खिलाफ भड़काऊ बयान दिया है. इस तरह के बयानों और आंदोलन के इर्दगिर्द बने प्रतिकूल माहौल का ही नतीजा है कि तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में पांच किसानों को वाहनों ने कुचल कर मार डाला. यह दिल दहला देने वाली घटना थी. इस घटना से जुड़े केंद्रीय मंत्री के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके.


jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story