भारत

मणिपुर के भाजपा विधायकों ने सीएम के खिलाफ खोला मोर्चा, मुख्यमंत्री बदलने की कर रहे मांग

jantaserishta.com
18 April 2023 5:39 PM IST
मणिपुर के भाजपा विधायकों ने सीएम के खिलाफ खोला मोर्चा, मुख्यमंत्री बदलने की कर रहे मांग
x
नई दिल्ली (आईएएनएस)| मणिपुर में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के खिलाफ भाजपा के विधायकों ने मोर्चा खोल दिया है। राज्य में मुख्यमंत्री से नाराज होकर दो विधायक कोई जिम्मेदारी नहीं दिए जाने की शिकायत करते हुए अपने-अपने सरकारी पदों से इस्तीफा दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि मणिपुर सरकार के विभिन्न निगमों और निकायों में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे कई और और विधायक भी इन सरकारी पदों से इस्तीफा दे सकते हैं।
मिल रही जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के वकिर्ंग स्टाइल से नाराज होकर भाजपा विधायकों ने पार्टी आलाकमान से राज्य में मुख्यमंत्री बदलने की गुहार लगाई है। इन नाराज विधायकों ने दिल्ली आकर कई नेताओं से मुलाकात कर यह मांग की है कि राज्य में मुख्यमंत्री को बदला जाए और अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो उस हालत में उनके मंत्रिमंडल में बदलाव किया जाए। कई विधायक मुलाकात करने के बाद दिल्ली से रवाना हो गए हैं हालांकि सूत्र यह बता रहे हैं कि अभी भी कई नाराज विधायकों ने दिल्ली में डेरा डाला हुआ है।
दरअसल, मणिपुर में पार्टी और सरकार में घमासान की शुरूआत 13 अप्रैल को भाजपा विधायक थोकचॉम राधेश्याम सिंह द्वारा मणिपुर के मुख्यमंत्री के सलाहकार के पद से इस्तीफा देने के साथ ही हो गई थी। उन्होंने अपने इस्तीफे में कोई जिम्मेदारी नहीं दिए जाने की शिकायत करते हुए पद से इस्तीफा देने की बात कही थी। इसके कुछ ही दिन बाद, सोमवार 17 अप्रैल को लांगथबल विधान सभा के भाजपा विधायक करम श्याम ने भी मुख्यमंत्री पर मणिपुर पर्यटन निगम के अध्यक्ष के तौर पर कोई जिम्मेदारी नहीं देने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया।
यह बताया जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर विधायक राज्य के कुकी समुदाय से आते हैं जो मुख्यमंत्री द्वारा 2008 के एसओओ समझौते का निलंबन करने से नाराज है। नाराज विधायक अपनी संख्या 12 होने का दावा कर रहे हैं हालांकि भाजपा इतने बड़े पैमाने पर विरोध की बातों को सिरे से खारिज कर रही है। भाजपा के एक नेता ने बताया कि राज्य में भाजपा की सरकार पूरी तरह से मजबूत और सुरक्षित है। दो-तीन विधायकों को निजी कारणों की वजह से कुछ समस्याएं हैं और उसका समाधान कर दिया जाएगा।
आपको बता दें कि, पिछले साल मार्च में 60 सदस्यीय राज्य विधान सभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा ने 32 सीटों पर जीत हासिल कर पहली बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत के साथ मणिपुर में सरकार बनाई थी। बाद में जेडीयू के 5 विधायकों के शामिल होने के बाद राज्य में भाजपा विधायकों की संख्या 37 पर पहुंच गई।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story