
x
120 की रफ्तार में दौड़ रही थी फॉर्च्यूनर अचानक फटा टायर
Bulandshahr. बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की डिबाई विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की कार शनिवार शाम गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में विधायक समेत उनके साथ मौजूद लोग घायल हो गए। विधायक को गंभीर चोटें आने के बाद दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी शनिवार सुबह करीब 11 बजे लखनऊ से गाजियाबाद के लिए निकले थे। शाम करीब चार बजे उनकी फॉर्च्यूनर बीबी नगर थाना क्षेत्र के पोटा काबुलपुर गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान कार के सामने अचानक एक दूसरी गाड़ी आ गई। टक्कर से बचने के लिए चालक विनोद कुमार ने तेजी से ब्रेक लगाए।
बताया जा रहा है कि उस समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी और एक्सप्रेसवे पर पानी भी जमा था। इसी दौरान फॉर्च्यूनर का टायर फट गया और गाड़ी फिसलते हुए बेकाबू हो गई। इसके बाद कार सड़क किनारे लगे एक खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूट गया और फॉर्च्यूनर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि टक्कर के तुरंत बाद कार के चारों एयरबैग खुल गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद कार में सवार लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में 63 वर्षीय विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी को गंभीर चोटें आईं। उनके पीआरओ अनूप सिंह और सुरक्षा गार्ड को भी चोटें आईं, जबकि चालक विनोद कुमार बाल-बाल बच गए। विधायक को पहले हापुड़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर को एक्सप्रेसवे से हटवाया। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर हापुड़ बॉर्डर के पास हुआ। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, दूसरी गाड़ी से टक्कर बचाने की कोशिश, बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी और टायर फटने के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई।
Next Story





