
x
सीएम योगी समेत कई नेताओं ने जताया शोक
Agra. आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का गुरुवार को निधन हो गया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वह पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित थे और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाते समय हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें नोएडा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके विधानसभा क्षेत्र और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के कई नेताओं ने भी उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधायक के परिजनों से बातचीत कर संवेदना जताई और कहा कि दुख की इस घड़ी में भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की ओर से भी छोटेलाल वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उनके निधन को सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के लिए क्षति बताते हुए उनके योगदान को याद किया गया। छोटेलाल वर्मा फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उनके निधन पर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।
Next Story





