
x
बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे.
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालुडीह थाना क्षेत्र में सोमवार रात अपराधियों ने प्रज्ञा केंद्र संचालक सह भाजपा नेता 40 वर्षीय तारापद महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उलदा पंचायत के खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड के समीप स्थित प्रज्ञा केंद्र में हुई।
इस वारदात को लेकर स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हैं। पुतरू गांव निवासी तारापद महतो पिछले करीब दो वर्षों से खड़िया कॉलोनी में सीएससी (प्रज्ञा) केंद्र का संचालन कर रहे थे। सोमवार को झारखंड के क्षेत्रीय त्योहार टुसू के कारण केंद्र में दिनभर चहल-पहल रही। रात करीब आठ बजे तक बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं ऑनलाइन पैसे की निकासी और अन्य डिजिटल सेवाओं के लिए केंद्र पर मौजूद थीं।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों अपराधी सीधे केंद्र के अंदर गए और तारापद महतो से उनका नाम-पता पूछा। जैसे ही पुष्टि हुई कि वही तारापद महतो हैं, अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगते ही तारापद महतो लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
अचानक हुई गोलीबारी से केंद्र में मौजूद महिलाओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से टाटा की ओर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तारापद महतो को अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गालुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
बताया जाता है कि तारापद महतो के गांव में जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। वह उलदा पंचायत की उपमुखिया आशारानी महतो के पति थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।
Tagsजमशेदपुरप्रज्ञा केंद्र संचालकभाजपा नेताभाजपा नेता हत्याJamshedpurPragna Kendra operatorBJP leaderBJP leader's murder
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





