महिला सांसद की हत्या करने वाले को बीजेपी नेता ने 1 करोड़ देने की घोषणा कर दी, बुरे तरीके से फंसे

बंगाल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं टीएमसी सांसद सयोनी घोष का सिर कलम करने पर एक करोड़ का इनाम देने की घोषणा करने वाले यूपी भाजपा नेता बैकफुट पर आ गए हैं। बुलंदशहर में सिकंदराबाद नगर पालिका अध्यक्ष व भाजपा नेता डॉ. प्रदीप दीक्षित के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सयोनी के सिर के बदले एक करोड़ रुपये देने के बयान से राजनीतिक माहौल गर्मा गया। सांसद सयोनी घोष ने एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। सांसद ने इसे एक खुली धमकी बताया और पुलिस से कार्रवाई की अपील की। सयोनी के एक्टिव होते ही भाजपा नेता ने बुधवार शाम खेद जताते हुए वीडियो जारी किया है।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता ने यह विवादित बयान कुछ दिन पूर्व निकाली गई धर्म ध्वज यात्रा के दौरान दिया था। बयान का वीडियो वायरल होने के बाद टीएमसी सांसद सयोनी घोष ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने इसे एक महिला जनप्रतिनिधि को दी गई खुली धमकी बताते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस से तत्काल कार्रवाई की अपील की है। सयोनी घोष ने कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाली नहीं हैं और लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाती रहेंगी।
टीएमसी सांसद सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ रुपये इनाम देने की घोषणा करने वाले सिकंदराबाद नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित ने अपने बयान पर खेद प्रकट किया है। बुधवार शाम वीडियो जारी करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि सायोनी घोष सोशल मीडिया पर शेयर हुई विवादित तस्वीर को लेकर सार्वजनिक रूप से पहले ही खेद जता चुकी हैं।





