भारत

सांप्रदायिक उन्माद के ख़िलाफ बोलने से अगर मेरे खिलाफ एक नहीं एक लाख भी FIR दर्ज हो जाए तो अफसोस नहीं: दिग्विजय सिंह

jantaserishta.com
13 April 2022 7:11 AM GMT
सांप्रदायिक उन्माद के ख़िलाफ बोलने से अगर मेरे खिलाफ एक नहीं एक लाख भी FIR दर्ज हो जाए तो अफसोस नहीं: दिग्विजय सिंह
x

भोपाल: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को कहा कि वह सांप्रदायिक उन्माद के खिलाफ बोलते रहेंगे, भले ही उनके खिलाफ एक नहीं, एक लाख एफआईआर दर्ज हो जाएं। सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं।

दिग्विजय ने कहा, 'सांप्रदायिक उन्माद के खिलाफ बोलने पर उनके खिलाफ कितने ही मामले दर्ज हों, उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैंने ट्वीट के माध्यम से सवाल ही तो पूछा है और जो फोटो खरगोन का नहीं था, उसे 'डिलीट' कर दिया।'
आपको बता दें कि सिंह ने मंगलवार को खरगोन में सांप्रदायिक हिंसा को लेकर अनेक ट्वीट किए थे। एक ट्वीट में उन्होंने एक फोटो भी लगाया था, जिस पर विवाद हुआ और उसे बाद में हटा दिया गया। इस फोटो में दिख रहा था कि भगवावस्त्रधारी कुछ लोग अन्य धर्म के एक धार्मिकस्थल पर भगवा लगा रहे हैं। इस ट्वीट को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद ट्वीट के जरिए कहा कि यह फोटो मध्यप्रदेश का नहीं हैं। इसके बाद भाजपा नेताओं की दिनभर लगातार तीखी प्रतिक्रियाएं आईं और शाम को एक व्यक्ति की शिकायत पर सिंह के खिलाफ भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सांप्रदायिक उन्माद फैलाने के प्रयास से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल के अलावा ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम और सतना में भी प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। माना जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर भाजपा नेता कांग्रेस के राज्यसभा सांसद को पूरी तरह घेरने में जुट गए हैं। दूसरी ओर भाजपा नेता और कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर सिंह के खिलाफ टिप्पणियां कर रहे हैं। भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिंह का ट्विटर अकाउंट बंद करवाने की मांग भी कर रहे हैं। इनका तर्क है कि सिंह पहले भी भ्रमित करने वाले ट्वीट कर चुके हैं।
दूसरी ओर राज्य के हिंसा से प्रभावित खरगोल जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बतायी गई है। दो दिन पहले खरगोन नगर में हिंसा और आगजनी की घटनाओं के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस ने अब तक 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रशासन ने खरगोन में अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाकर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के दुकान और मकान आदि तोड़ दिए हैं और यह कार्य अब भी जारी है।
सतना कोतवाली थाना प्रभारी सत्येंद्र मोहन उपाध्याय ने कहा कि भाजपा पदाधिकारी विकास मिश्रा की शिकायत के आधार पर धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में दिग्विजय सिंह के खिलाफ सतना में मामला दर्ज किया गया है। ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक विजय भदौरिया ने बताया कि ग्वालियर में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद के खिलाफ इंदरगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है। वहीं जबलपुर के ओमती पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जबलपुर में भारत विकास परिषद की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। नर्मदापुरम में कोतवाली पुलिस थाने के निरीक्षक संतोष चौहान ने बताया कि विशाल दीवान नामक व्यक्ति की शिकायत पर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार इससे पहले भोपाल में भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (धर्म, जाति, जन्म स्थान के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 295 ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य), 465 (जालसाजी), 505(2) (सार्वजनिक शरारत) के तहत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। बुधवार सुबह सिंह ने भोपाल के पुलिस आयुक्त को एक पत्र में मांग की कि कथित तौर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मंदसौर में दिए गए भाषण के वीडियो के साथ एक मनगढ़ंत ट्वीट साझा करने के लिए मुख्यमंत्री चौहान के खिलाफ आईपीसी और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। चौहान द्वारा साझा किए गए वीडियो में गांधी को कथित तौर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री कहते देखा गया था। दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है।


Next Story