
x
Shimla. शिमला। प्रदेश के दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में संगठन की नब्ज टटोलने के लिए भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत सोमवार हिमाचल पहुंचेंगे। 27 अक्तूबर तक यानी नौ दिनों के इस संगठनात्मक प्रवास के दौरान मंडल की बैठकों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी कार्यकर्ताओं से संवाद के अलावा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी करेंगे। जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा सोमवार को शिमला स्थित प्रदेश कार्यालय में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। कार्यालय में तीन बजे तक इन बैठकों का दौर चलेगा और तदोपरांत प्रभारी रामपुर के लिए रवाना होंगे, जहां शाम को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक वार्ता करेंगे।
अगले दिन श्रीकांत शर्मा किन्नौर जिला के भावानगर में निचार मंडल की बैठक में हिस्सा लेंगे। 21 को वह रिकांगपिओ में कल्पा एवं सांगला मंडलों की संयुक्त बैठक में शामिल होंगे। उनका स्पीलो में मूरंग मंडल की बैठक में भाग लेने का कार्यक्रम है। 22 अक्तूबर को प्रभारी सुबह नाको में पूह मंडल की बैठक लेने के उपरांत काजा के लिए रवाना हो जाएंगे। 23 अक्तूबर की सुबह काजा में स्पीति मंडल की बैठक के बाद केलांग की तरफ रुख कर लेंगे। 24 अक्तूबर को केलांग और उदयपुर मंडल की मीटिंग के बाद उनका अगले दिन पांगी में स्थानीय मंडल की बैठक में भाग लेने का कार्यक्रम है। पांगी से लौटने के उपरांत श्रीकांत शर्मा 27 अक्तूबर को जिला कुल्लू की पिछली तीन कार्य समितियों के सदस्यों के एक महत्त्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में भाग लेंगे।
Next Story





