
x
Telangana: तेलंगाना में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 17 लोकसभा सीटों में से सात पर बढ़त बना ली है। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस आठ निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है, जबकि हाल ही में विधानसभा चुनावों में सत्ता खोने वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) एक सीट पर आगे है।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) हैदराबाद निर्वाचन क्षेत्र में बढ़त बनाए हुए है। राज्य में 2019 में चार सीटें जीतने वाली भाजपा अब तक के रुझानों में उन सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। साथ ही उसके उम्मीदवार तीन अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी आगे चल रहे हैं। पार्टी के उम्मीदवारों ने करीमनगर, सिकंदराबाद, निजामाबाद और आदिलाबाद सीटों पर स्पष्ट बढ़त हासिल कर ली है। इन सीटों पर वह पिछली बार जीती थी।
इसके अलावा चेवेल्ला, मलकाजगिरी और महबूबनगर निर्वाचन क्षेत्रों में भी उसके उम्मीदवार बढ़त में हैं। कांग्रेस नलगोंडा, खम्मम, महबूबाबाद, पेड्डापल्ले, जाहिराबाद, नगरकुरनूल, भोंगीर और वारंगल निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी सिकंदराबाद में 43,153 मतों से आगे चल रहे हैं। भाजपा महासचिव बंदी संजय कुमार ने 76,000 से अधिक मतों की बड़ी बढ़त हासिल की।
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.के. अरुणा महबूबनगर में 10,416 मतों से आगे चल रही हैं। देश के सबसे बड़े निर्वाचन क्षेत्र मल्काजगिरी में भाजपा के एटाला राजेंद्र 1.18 लाख से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।
नलगोंडा में कांग्रेस के कुंदुरू रघुवीर दो लाख से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं। खम्मम में कांग्रेस के रघुरामी रेड्डी 1.92 लाख मतों से आगे चल रहे हैं। महबूबाबाद में कांग्रेस उम्मीदवार बलराम नाइक ने 1.13 लाख मतों से बढ़त हासिल की है।
बीआरएस केवल मेडक निर्वाचन क्षेत्र में आगे चल रही है, जहां उसके उम्मीदवार पी. वेंकटराम रेड्डी 679 मतों के मामूली अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं। हैदराबाद से लगातार पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी 34,000 से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।
सिकंदराबाद छावनी विधानसभा क्षेत्र में, जहां लोकसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव हुआ था, कांग्रेस उम्मीदवार श्री गणेश 5,113 वोटों से आगे चल रहे हैं। गत 13 मई को हुए मतदान में 65.67 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। तत्कालीन सत्तारूढ़ बीआरएस ने 2019 के चुनावों में नौ सीटें जीती थीं। भाजपा ने चार और कांग्रेस ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी। एआईएमआईएम ने एक सीट बरकरार रखी थी।
TagsतेलंगानाभाजपाTelanganaBJPLok Sabha Election Result 2024Lok Sabha ElectionLok Sabha Election Resultलोकसभा चुनाव परिणाम 2024लोकसभा चुनावलोकसभा चुनाव परिणाम
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





