भारत

भाजपा ने नाले की सफाई के नाम पर अरविंद केजरीवाल पर लगाया भ्रष्टाचार करने का आरोप

jantaserishta.com
10 July 2023 4:35 PM IST
भाजपा ने नाले की सफाई के नाम पर अरविंद केजरीवाल पर लगाया भ्रष्टाचार करने का आरोप
x
आप मुख्यालय पर किया प्रदर्शन.
नई दिल्ली: भाजपा नेताओं ने दिल्ली में बारिश की वजह से हुए भारी जलजमाव के लिए केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराते हुए सोमवार को आम आदमी पार्टी मुख्यालय पर प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी।
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली विधान सभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी और नगर निगम में विपक्ष के नेता सरदार राजा इक़बाल सिंह के साथ-साथ दिल्ली भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आप सरकार के भ्रष्टाचार की वजह से दिल्ली के लोगों को परेशानी होने का आरोप लगाते हुए दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड एवं दिल्ली नगर निगम द्वारा गली मोहल्ले की नालियों, सड़कों के सीवर से दिल्ली के सभी नालों की सफाई एवं गाद निकालने में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और गिरफ्तारी दी।
बारिश के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा आम आदमी पार्टी कार्यालय के पास लगाये बैरिकेड्स को तोड़ा, जिसके बाद भारी पुलिस बल ने सभी को डिटेन कर लिया और उन्हें आईपी एस्टेट थाने ले गई।
इससे पहले प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार हो या दिल्ली नगर निगम, हर ओर भ्रष्टाचार है और केजरीवाल सरकार भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक दिल्ली, केजरीवाल सरकार के शराब घोटाले, शीश महल घोटाले, दिल्ली जल बोर्ड एवं डीटीसी घोटालों से त्रस्त थी पर अब दिल्ली केजरीवाल सरकार के लोक निर्माण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड एवं दिल्ली नगर निगम द्वारा नाली, सीवर एवं नालों की प्री-मानसून सफाई के नाम पर किए गए घोटाले, जिसके परिणामस्वरूप आज दिल्ली तालाब बन गई है, को देख कर स्तब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के चुनाव से पहले तक दिल्ली की सफाई या जलजमाव जैसी समस्याओं को लेकर केजरीवाल कहा करते थे कि दिल्ली नगर निगम में भाजपा शासन है जो काम नहीं करता। एमसीडी चुनाव से पहले केजरीवाल ने नारा दिया था केजरीवाल की सरकार, केजरीवाल का पार्षद, दिल्ली वालों ने नगर निगम केजरीवाल को सौंप दिया पर आज त्रस्त जनता जानना चाहती है अब कहां हैं केजरीवाल के विधायक एवं पार्षद? अब दिल्ली जलमग्न क्यों है?
सचदेवा ने यह भी आरोप लगाया कि कल जब दिल्ली जलभराव से जूझ रही थी, उस वक्त भी केजरीवाल को राजनीति सूझ रही थी और वह पंचकुला, हरियाणा में घूम रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि साफ दिख रहा है कि केजरीवाल से ना सरकार सम्भल रही है ना नगर निगम, बेहतर होगा सरकार एवं निगम एक साथ हमे सौंप दें फिर दिल्ली का विकास देखिए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा बेहतर होता कि आज बोटिंग का फोटो सेशन करने की जगह मंत्री आतिशी पीड़ित लोगों से मिलकर राहत पहुंचाती।
वहीं, रामवीर सिंह बिधूड़ी ने नालों की सफाई के मामले में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार ने आठ साल में कभी भी सीवर एवं नालों की सफाई पर काम नहीं किया था, वो तो भाजपा शासित नगर निगम के द्वारा नालियों एवं छोटे नालों की सफाई से जलभराव कम होता था या फिर जल्दी निकल जाता था पर अब नगर निगम भी केजरीवाल के पास आ गया तो इस साल नालों की सफाई का पूरा फंड जो कि लगभग तीन हजार करोड़ रूपये है, सब बंदरबांट की भेट चढ़ गया। उन्होंने इस बंदरबांट की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग भी की। इसके साथ ही मृतकों को मुआवजा देने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि यह दुख का विषय है कि देश की राजधानी में लोग जलभराव के कारण मरे हैं और वाहन पानी में बह कर, स्कूल दीवार गिरने से दब कर नष्ट हो रहे हैं। उन्होंने मृतकों के लिए मुआवज़े की मांग की।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story