भारत
केंद्रीय मंत्री के आवास पर मुर्गियों की मौत से बर्ड फ्लू की पुष्टि, मर रहे कौए
jantaserishta.com
4 March 2023 2:28 PM IST

x
मचा हड़कंप.
रांची (आईएएनएस)| होली के ठीक पहले रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य महकमा और पशुपालन विभाग ने राज्य के सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। केंद्रीय जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री अर्जुन मुंडा के रांची स्थित सरकारी आवास में मुर्गियों की मौत के बाद कराये गए सैंपल जांच से बर्ड फ्लू का मामला सामने आया है। हालांकि इसके पहले पिछले हफ्ते बोकारो में भी सैकडों मुर्गियों की मौत एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू से होने की पुष्टि हुई थी। केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक सभी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि बर्ड फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं है। जरूरत है तो सतर्कता बरतने की। पशुपालन मंत्री स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जब जब बर्ड फ्लू आता है, वे तो खूब मुर्गा खाते हैं। लोगों को चाहिए कि वे मुर्गा को आग में और अधिक आंच पर पकाएं।
बता दें कि रांची के जेल मोड़ के पास केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवास परिसर के अंदर सुरक्षाकर्मियों और दूसरे कर्मचारियों ने 55 से 60 की संख्या में रंगीन देसी मुर्गे-मुर्गियां पाली थी। पिछले एक हफ्ते के दौरान लगातार मुर्गियों की मौत का सिलसिला शुरू हो गया। एक हफ्ते के दौरान 45 से ज्यादा मुर्गियों की मौत हो गई, तब संदेह होने पर पशुपालन विभाग की ओर से इनके सैंपल को जांच के लिए भोपाल भेजा गया, जहां बर्ड फ्लू होने की पुष्टि कर दी गई।
इधर, राज्य के पशुपालन निदेशक चंदन कुमार ने रांची के उपायुक्त व जिला पशुपालन पदाधिकारी को अलर्ट करते हुए इसके संक्रमण से बचाव को लेकर सारे एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। रांची में जेल मोड़ चौक के एक किमी की परिधि में मुर्गियों का सर्वे करने का निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारी को दिया गया है। इस दायरे में सभी मुर्गियों को मारे जाने की तैयारी है। कुल 10 किमी क्षेत्र को सर्विलांस क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। इधर रामगढ़ जिले के गिद्दी सहित अन्य इलाकों में बड़ी संख्या में कौवों के मरकर जमीन पर गिरने की खबर आई है।
Tagsरांचीकेंद्रीय मंत्रीमुर्गियों की मौतबर्ड फ्लूरामगढ़कौएRanchiUnion MinisterChicken deathsBird fluRamgarhCrows
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





