भारत

बिहार मोदीमय है, औरंगाबाद लोकसभा से बोले अमित शाह

Shantanu Roy
10 April 2024 11:22 AM GMT
बिहार मोदीमय है, औरंगाबाद लोकसभा से बोले अमित शाह
x
देखें LIVE VIDEO...
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की गया जिले के गुरारू प्रखंड में आयोजित चुनावी रैली से भारतीय जनता पार्टी एक साथ गया और औरंगाबाद लोकसभा सीट को साध रही है। अमित शाह की गुरारु रैली शुरू हो गई है। रैली में रालोजपा अध्यक्ष पशुपति पारस, रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय भी शामिल हो रहे हैं। गुरारू प्रशासनिक रूप से गया जिला का हिस्सा है लेकिन लोकसभा सीट के हिसाब से औरंगाबाद विधानसभा के अंदर आता है। औरंगाबाद क्षेत्र की छह विधानसभा सीटों में तीन औरंगाबाद जिले की और तीन गया जिले की है। बीजेपी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से गया में हम के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी जबकि औरंगाबाद में भाजपा के सुशील कुमार सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
सुशील कुमार सिंह 2009 से औरंगाबाद के सांसद हैं। ये पहली बार जेडीयू के टिकट पर जीते थे लेकिन बाद में भाजपा में आ गए और पिछली दो बार भाजपा से ही जीते हैं। बिहार में भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत 4 अप्रैल को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमुई से की थी। पीएम मोदी ने जमुई में भाजपा की सहयोगी पार्टी लोजपा-रामविलास के कैंडिडेट अरुण भारती के लिए वोट मांगा जो चिराग पासवान के बहनोई हैं। 7 अप्रैल को पीएम मोदी ने नवादा में भाजपा उम्मीदवार और राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर के लिए रैली की जहां बीजेपी से टिकट मांग रहे भोजपुरी गायक गुंजन सिंह निर्दलीय लड़ गए हैं। मोदी अब 16 अप्रैल को फिर से गया आएंगे और गया शहर के गांधी मैदान में हम के नेता जीतनराम मांझी के लिए वोट मांगेंगे। बिहार में पहले चरण में जमुई, नवादा, गया और औरंगाबाद में मतदान है जिसमें तीन सीट पर मोदी और एक सीट पर अमित शाह की रैली हो रही है। औरंगाबाद में बाद में राजनाथ सिंह के भी आने की चर्चा है।
Next Story