भारत

बिहार चुनाव: भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्‍हा पर पार्टी लगाएगी दांव

Tara Tandi
14 Oct 2020 5:55 PM GMT
बिहार चुनाव: भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्‍हा पर पार्टी लगाएगी दांव
x
पिछले वर्ष भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस से जुडऩे वाले फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा बांकीपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हो सकते हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| पटना,पिछले वर्ष भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस से जुडऩे वाले फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा बांकीपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हो सकते हैं। लव सिन्हा के नाम पर अंतिम मुहर दिल्ली में लगने वाली है। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में चल रही है उम्मीद है आज कांग्रेस दूसरे और तीसरे दौर के प्रत्याशियों के नाम तय कर लेगी।

देर रात तक प्रत्‍याशियों के नाम पर लग जाएगी मुहर

कांग्रेस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दूसरे दौर के कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए दिल्ली में चुनाव समिति की बैठक चल रही है। आज देर रात तक सभी प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगाने के साथ ही उम्मीदवारों को सिंबल भी दे दिए जाने हैं। नामों पर अंतिम मुहर लगे इसके पूर्व शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा का नाम बांकीपुर सीट से तय होने की चर्चा है।

नाम आते ही विरोध

बांकीपुर सीट के दावेदारों ने लव सिन्हा का नाम तैरते ही इसका विरोध शुरू कर दिया है। फेसबुक जैसी सोशल साइट्स पर पार्टी की नीतियों को लेकर लगातार विरोध हो रहा है। बता दें कि पटना की चर्चित बांकीपुर सीट से टिकट के लिए पूर्व प्रत्याशी कुमार आशीष के साथ ही युवा कांग्रेस के नेता मंजीत आनंद साहू और प्रफुल यादव लंबे समय से प्रयासरत थे।

चार सिटिंग सीटों को मिला सिंबल

सूत्रों ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने दूसरे चरण के चुनाव के लिए चार सिटिंग सीटों के प्रत्याशियों को सिंबल दे दिया है। कुशेश्वर स्थान से विधायक रहे डॉ. अशोक कुमार, बेगूसराय से अमिता भूषण, भागलपुर से अजीत शर्मा के साथ ही बेतिया से मदन मोहन तिवारी को सिंबल दिए जाने की जानकारी सूत्र दे रहे हैं। इनके अलावा कुचायकोट से पुराने नेता और निर्दलीय चुनाव लड़कर सांसद और विधायक रहे काली पांडेय ने नामांकन भी कर दिया है। कांग्रेस से सिंबल की पुष्टि के बाद काली पांडेय ने मंगलवार को ही अपना नामांकन किया था। आज दिल्ली में पांडेय ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण कर ली। इन नेताओं के अलावा लालगंज से पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार के भतीजे राकेश कुमार उर्फ पप्पू और तीसरे चरण के चुनाव के लिए पुराने समाजवादी नेता शरद यादव की पुत्री सुभाषिनी राज राव को भी सिंबल मिलने की चर्चा है। सुभाषिनी मधेपुरा के बिहारीगंज से चुनाव मैदान में होंगी। उन्होंने आज ही दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है।

Next Story