भारत

'युवा शक्ति बिहार की प्रगति' थीम पर बिहार दिवस उत्सव, कई तरह के आयोजन

jantaserishta.com
20 March 2023 3:03 PM IST
युवा शक्ति बिहार की प्रगति थीम पर बिहार दिवस उत्सव, कई तरह के आयोजन
x
पटना (आईएएनएस)| बिहार दिवस को लेकर पूरे राज्य में तैयारियां अंतिम चरण में है। बिहार की वर्षगांठ के मौके पर मनने वाले बिहार दिवस के मौके पर इस बार राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में 22 से 24 मार्च तक अलग-अलग आयोजन होने वाले हैं। इस दौरान बिहार की उपलब्धियों से लेकर बिहार के गौरवशाली इतिहास की छटा पूरे राज्य में बिखरेगी। पटना के गांधी मैदान में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे तो कई तरह के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
राजधानी के सिनेमाघरों में लोगों को तीन दिनों तक चुनिंदा फिल्म दिखाई जाएंगी, वहीं पटना जू में भी तीन दिनों तक स्कूली बच्चों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा।
इस साल 'युवा शक्ति बिहार की प्रगति' थीम पर आधारित बिहार दिवस को लेकर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होने वाला है।
गांधी मैदान में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है तो मैदान में 14 पंडाल बनाए जा रहे हैं। इन पंडालों में प्रदर्शनी सांस्कृतिक कार्यक्रम, कृषि मेला, बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की गैलरी लगाई जा रही है।
जीविका की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी यहां दी जाएगी।
गांधी मैदान पहुंचने वाले लोग व्यंजन मेला में राज्य के विभिन्न जिलों के मशहूर व्यंजन स्वाद ले सकेंगे।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बताया कि बिहार दिवस के अवसर पर कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा फिल्म फेस्टिवल, पेंटिंग कार्यशाला, मूर्तिकला, प्रदर्शनी, महिला फोक आर्टिस्ट के कलाओं की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। विद्यालय के बच्चों को राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
बिहार दिवस के तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन 22 मार्च को बालीवुड के जाने-माने गायक जावेद अली और आइपीएस अफसर आलोक राज अपनी प्रस्तुति देंगे।
इसके अलावा समारोह के दूसरे दिन मैथिली ठाकुर और तलत अजीज अपना कार्यक्रम पेश करेंगे तो तीसरे दिन 24 मार्च को इंडियन आइडल विजेता सलमान अली और दीपाली सहाय प्रस्तुति देंगी।
इन सभी कलाकारों ने कार्यक्रम में आने के लिए सहमति दे दी है। इसके अलावा कई अन्य कलाकारों के शिरकत करने की संभावना है।
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से ऐतिहासिक गोलघर और पटना सिटी स्थित मंगल तालाब परिसर में पर्यटक लेजर शो दिखाया जाएगा। पर्यटन निगम के प्रबंधक सुमन कुमार ने बताया कि पटना के अलावा बोधगया, वैशाली और राजगीर में लेजर शो 22 से 24 मार्च तक प्रदर्शित किया जाएगा।
इन कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के भी खास प्रबंध किए जा रहे हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story