भारत

प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में 'बिहार बंद', एनडीए कार्यकर्ताओं का प्रदेशभर में प्रदर्शन

jantaserishta.com
4 Sept 2025 10:53 AM IST
प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बिहार बंद, एनडीए कार्यकर्ताओं का प्रदेशभर में प्रदर्शन
x
पटना: सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की तरफ से बुलाए गए 'बिहार बंद' का प्रदेशभर में असर देखा गया है। गुरुवार को पटना समेत कई शहरों में सुबह से ही एनडीए कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। यह बंद कांग्रेस-राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में बुलाया गया है।
पटना के अनीसाबाद, डाकबंगला चौराहा और अन्य मुख्य सड़कों पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी व तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी की। पोस्टर-बैनरों के माध्यम से विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा, "हम सड़कों पर इसलिए बैठे हैं, क्योंकि दरभंगा में राहुल गांधी की रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई थी।"
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में भाजपा कार्यकर्ता ने कहा, "वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जिस तरह की अभद्र और गंदी टिप्पणी की गई, वह पूरी तरह अनुचित थी।" उन्होंने प्रदर्शन को लेकर कहा कि हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई बाधा उत्पन्न न हो और किसी को कोई असुविधा न हो।
इसी तरह भागलपुर में गुरुवार सुबह बाजार बंद नजर आए। एनडीए कार्यकर्ता भागलपुर में 'बिहार बंद' के दौरान सड़कों पर उतरे। इस दौरान, भामाशाह और खलीफाबाग चौक पर आवाजाही प्रतिबंधित रही। एक महिला कार्यकर्ता ने कहा, "यह प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन है। महिलाएं और अन्य लोग बेहद आक्रोशित हैं।
मोतिहारी में महिला ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। पार्टी के झंडा थामे और नारेबाजी करते हुए सड़क पर मार्च निकाला गया। इस दौरान, मोतिहारी में बाजार बंद नजर आए। इसी तरह, सासारास में एनडीए कार्यकर्ताओं ने गुरुवार सुबह ही सड़कों को जाम कर दिया। इस दौरान, सासाराम पोस्ट ऑफिस चौक पर जाम लग गया था।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि जिस तरह वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में महागठबंधन के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपमानित करने का काम किया। उनके खिलाफ गाली-गलौच करने का काम किया गया। महागठबंधन के लोगों ने भारतीय परंपरा को कलंकित किया है। इसलिए एनडीए के घटक दलों के महिला मोर्चा ने फैसला लिया कि विपक्ष के नेताओं की टिप्पणी का सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि हैरानी की बात है कि महागठबंधन वाले लोग माफी भी मांगने को तैयार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "विपक्ष क्या अराजकता फैलाना चाहता है? उनके मन में क्या है? क्या विपक्ष के लोग जंगलराज को वापस लाना चाहते हैं।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story