भारत

बिहार विधानसभा चुनाव, उम्मीदवारों की एक और लिस्ट कांग्रेस ने जारी की

Nilmani Pal
20 Oct 2025 6:55 AM IST
बिहार विधानसभा चुनाव, उम्मीदवारों की एक और लिस्ट कांग्रेस ने जारी की
x

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी नई लिस्ट जारी कर दी है, इसमें 6 कैंडिडेट्स के नाम का ऐलान किया गया है. पार्टी ने अब तक कुल 60 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. कांग्रेस की लिस्ट के मुताबिक वाल्मीकि नगर से सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, अररिया से अबीदुर रहमान, अमौर जलील मस्तान, बरारी से तौकीर आलम, कहलगांव से प्रवीण सिंह कुशवाहा और सिकंदरा विधानसभा सीट से विनोद चौधरी को टिकट दिया गया है.

कांग्रेस ने कहलगांव से प्रवीण कुशवाहा पर दांव लगाया है, ये सीट आरजेडी और कांग्रेस के बीच सबसे विवादास्पद सीटों में से एक है. वहीं सिकंदरा सीट के लिए पार्टी ने विनोद चौधरी पर भरोसा दिखाया है.बता दें कि कांग्रेस ने पहली लिस्ट 17 अक्टूबर को जारी की थी, इसमें 48 उम्मीदवारों का ऐलान किया गया था. जबकि दूसरी लिस्ट में 1, तीसरी में 5 और चौथी लिस्ट में 6 कैंडिडेट्स की घोषणा की गई है. इस तरह पार्टी ने अब तक कुल 60 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बिहार चुनाव से पहले INDIA ब्लॉक के अंदर की कलह खुलकर सामने आ गई है. RJD और कांग्रेस दोनों बड़ी पार्टियों के असंतुष्ट उम्मीदवारों ने पार्टी नेतृत्व पर टिकट बेचने के आरोप लगाए हैं. दूसरे और आखिरी चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने में 24 घंटे से भी कम समय बचा है, लेकिन इंडिया ब्लॉक अभी भी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और 6 सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे का फॉर्मूले तय नहीं कर पाया है.

Next Story
null