भारत

लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा अपडेट, राहुल गांधी की फ्लाइट को करना पड़ा गो-अराउंड

SHIDDHANT
8 Sept 2026 8:08 PM IST
लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा अपडेट, राहुल गांधी की फ्लाइट को करना पड़ा गो-अराउंड
x
दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतरा विमान
Lucknow लखनऊ। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को मंगलवार को लैंडिंग के दौरान गो-अराउंड करना पड़ा। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान की दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। इस विमान में राहुल गांधी भी सवार थे। लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने पहली बार में विमान को रनवे पर उतारने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के दबाव के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी।
इसके बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाने का फैसला किया। विमान ने दोपहर करीब 3 बजकर 45 मिनट पर गो-अराउंड किया। इसके बाद पायलट ने मौसम और अन्य परिस्थितियों का आकलन किया और दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास किया। करीब 10 मिनट बाद दोपहर 3 बजकर 55 मिनट पर विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। लैंडिंग के बाद राहुल गांधी समेत सभी यात्रियों ने सामान्य तरीके से विमान से बाहर निकले। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।
क्या होता है गो-अराउंड?
विमानन क्षेत्र में गो-अराउंड एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है। जब पायलट को लैंडिंग के समय मौसम, हवा की गति, रनवे की स्थिति या किसी अन्य कारण से विमान उतारना सुरक्षित नहीं लगता, तो वह विमान को दोबारा ऊपर ले जाता है। इसके बाद परिस्थितियां बेहतर होने पर फिर से लैंडिंग कराई जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, गो-अराउंड को किसी आपात स्थिति के रूप में नहीं देखा जाता, बल्कि यह यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनाया जाने वाला एहतियाती कदम होता है।
राहुल गांधी के लखनऊ दौरे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी जारी थीं। उनके विमान की लैंडिंग में देरी की खबर सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया, लेकिन विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली। एयर इंडिया या एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल विमान सुरक्षित रूप से लखनऊ पहुंच चुका है और सभी यात्री सामान्य स्थिति में हैं।
Next Story