भारत

SSC परीक्षा में कथित धांधली का बड़ा खुलासा

SHIDDHANT
23 Sept 2026 7:31 PM IST
SSC परीक्षा में कथित धांधली का बड़ा खुलासा
x
SSC परीक्षा धांधली में STF का बड़ा एक्शन अब तक 10 गिरफ्तार
NOIDA नोएडा। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में कथित धांधली के मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की नोएडा यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने परीक्षा केंद्रों के चयन और सुरक्षा ऑडिट से जुड़ी कंपनी ASSESS Infra Pvt. Ltd. के दो डायरेक्टर गगनदीप शर्मा और यादवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 22 सितंबर को गौतमबुद्ध नगर में गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
एसटीएफ के मुताबिक मामला SSC की कांस्टेबल GD और असम राइफल्स में राइफलमैन भर्ती परीक्षा-2026 से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि ऑनलाइन परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर और दूसरे तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से मदद पहुंचाई जा रही थी। मामले की जांच के दौरान परीक्षा केंद्रों के चयन और उनकी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की गई।
एसटीएफ की जांच के अनुसार ASSESS Infra Pvt. Ltd. को परीक्षा केंद्रों की पहचान करने, सिक्योरिटी ऑडिट करने और केंद्र संचालकों तथा कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन से जुड़े काम की जिम्मेदारी मिली थी। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित बालाजी डिजिटल जोन को भी इसी कंपनी ने SSC परीक्षा केंद्र के रूप में चिह्नित किया था। बताया गया है कि इस केंद्र पर वर्ष 2025 से अब तक SSC की 16 परीक्षाएं आयोजित हो चुकी हैं।
इस मामले में एसटीएफ ने 22 मई 2026 को बालाजी डिजिटल जोन पर कार्रवाई की थी। उस दौरान कथित नकल गिरोह से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। कार्रवाई में करीब 50 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन और तकनीकी उपकरण बरामद किए गए थे। जांच एजेंसी का आरोप है कि प्रॉक्सी सर्वर के माध्यम से परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाकर अभ्यर्थियों को नकल कराने की व्यवस्था की गई थी।
जांच में देहरादून के एक परीक्षा केंद्र से जुड़ा मामला भी सामने आया है। एसटीएफ के अनुसार अप्रैल 2026 में देहरादून के महादेव डिजिटल जोन में प्रॉक्सी सर्वर के जरिए कथित नकल का मामला पकड़ा गया था। इसके बावजूद उस मामले से जुड़े आरोपी प्रदीप चौहान की ग्रेटर नोएडा स्थित दूसरी लैब बालाजी डिजिटल जोन को परीक्षा केंद्र बनाए जाने को लेकर जांच की जा रही है।
एसटीएफ को इस कथित नेटवर्क के कई राज्यों तक फैले होने के संकेत मिले हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड और दिल्ली के संदिग्ध परीक्षा केंद्रों और अभ्यर्थियों से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है। दोनों डायरेक्टरों की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ अब परीक्षा केंद्रों के चयन, तकनीकी व्यवस्था और कथित नकल गिरोह के बीच संबंधों की जांच आगे बढ़ा रही है।
Next Story