भारत

UP पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत

SHIDDHANT
17 Oct 2026 10:58 PM IST
UP पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत
x
हाईकोर्ट ने ऊंचाई और सीने की दोबारा नाप के दिए आदेश
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती 2025 के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शारीरिक परीक्षण में ऊंचाई और सीने का माप कम पाए जाने के कारण अयोग्य घोषित किए गए अभ्यर्थियों की दोबारा जांच कराने का आदेश दिया है। अदालत के इस फैसले से संबंधित उम्मीदवारों को अपनी पात्रता साबित करने का एक और अवसर मिलेगा।
31 अक्टूबर को होगी दोबारा जांच
हाईकोर्ट ने लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के प्रिंसिपल को मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया है। यह बोर्ड 31 अक्टूबर को संबंधित अभ्यर्थियों की ऊंचाई और सीने की दोबारा नाप करेगा। अभ्यर्थी अनुज कुमार समेत अन्य उम्मीदवारों ने शारीरिक परीक्षण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अदालत में याचिकाएं दाखिल की थीं।
47 याचिकाओं पर हाईकोर्ट में सुनवाई
जस्टिस मनीष कुमार निगम की अदालत ने कुल 47 याचिकाओं पर सुनवाई की। इस दौरान छह याचिकाएं खारिज कर दी गईं, जबकि तीन याचिकाओं को अलग करते हुए दो सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया गया। पांच अन्य रिट याचिकाओं को भी अलग किया गया है। अदालत ने टिप्पणी की कि किसी व्यक्ति की ऊंचाई या सीने के माप में एक-दो वर्षों के भीतर सामान्यतः बड़ा बदलाव नहीं होता। ऐसे में पूर्व में की गई माप में त्रुटि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
4 नवंबर को पेश होगी मेडिकल रिपोर्ट
मेडिकल बोर्ड की जांच रिपोर्ट 4 नवंबर को सीलबंद लिफाफे में हाईकोर्ट के समक्ष पेश की जाएगी। इसी दिन संबंधित याचिकाओं पर अगली सुनवाई निर्धारित है। बताया गया है कि यूपी पुलिस की इस भर्ती में 32 हजार से अधिक पदों के लिए 28 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित हुई थी। भर्ती का परिणाम 14 अक्टूबर को घोषित किया गया था।
Next Story