भारत

दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, 16 किलो गांजे के साथ 9 तस्कर गिरफ्तार

SHIDDHANT
4 Nov 2026 10:44 PM IST
दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, 16 किलो गांजे के साथ 9 तस्कर गिरफ्तार
x
6 थाना क्षेत्रों से 9 गिरफ्तार
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में दीपावली से पहले अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन सवेरा के तहत जिले के छह थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 16 किलो 758 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि पुलिस मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर जिले में ऑपरेशन सवेरा चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाना है। अभियान के तहत मंझनपुर, सराय अकिल, चरवा, पिपरी, संदीपनघाट और कोखराज थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से नौ संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज मौर्य, सुनील पाल, विजय मौर्य, अनुपम कुमार मिश्रा, अनुराग त्रिपाठी, राहुल कुमार पांडे, देवेंश त्रिपाठी, शिवम केसरवानी और नितेश कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी कौशांबी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उनके पुराने रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी सत्यनारायण ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
Next Story