भारत

महाराष्ट्र की सियासत से बड़ी खबर, दिल्ली पहुंचे देवेंद्र फडणवीस

jantaserishta.com
4 Aug 2022 9:42 AM GMT
महाराष्ट्र की सियासत से बड़ी खबर, दिल्ली पहुंचे देवेंद्र फडणवीस
x

न्यूज़ क्रेडिट: हिंदुस्तान

मुंबई: महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर से हलचलें तेज होती दिख रही हैं। गुरुवार सुबह ही यह खबर आई थी कि एकनाथ शिंदे कैबिनेट का जल्दी ही विस्तार हो सकता है और 8 अगस्त तक शपथ समारोह का आयोजन होने की संभावना है। यही नहीं 15 से 16 विधायकों के नाम भी चर्चा में थे, जिन्हें लेकर कहा गया कि ये मंत्री पद की शपथ लेंगे। लेकिन अब एक बार फिर से इसमें पेंच फंसता दिख रहा है। कयासों के बीच ही डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस दिल्ली रवाना हो गए हैं। कहा जा रहा है कि वह दिल्ली में अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। वहीं सीएम एकनाथ शिंदे ने दिन भर की सभी प्रशासनिक बैठकें रद्द कर दी हैं।

बैठकों को रद्द करने के फैसले को कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं से जोड़ा जा रहा है, लेकिन एकनाथ शिंदे के करीबियों का कहना है कि उनकी तबीयत खराब है। इसलिए आराम करने के मकसद से उन्होंने बैठकें रद्द की हैं। मुख्यमंत्री को लगातार दौरों और देर रात तक चलने वाली बैठकों के चलते थकावट का अनुभव हो रहा है। ऐसे में डॉक्टरों ने शिंदे को सख्त आराम करने की सलाह दी है।
एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से लगातार दिल्ली का दौरा कर रहे हैं। इसके अलावा वे पिछले दिनों महाराष्ट्र दौरे, उद्घाटन कार्यक्रमों, अभिनंदन समारोहों और जनसभाओं में व्यस्त दिखे। इन सबका असर उनकी सेहत पर पड़ा है और वह थकान महसूस करने लगे। डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इसी को देखते हुए आज होने वाली सभी प्रशासनिक बैठकें रद्द कर दी गई हैं।
वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने आज के सभी कार्यक्रम भी तत्काल रद्द कर दिए हैं। खबर है कि फडणवीस पार्टी नेताओं से बातचीत करेंगे। सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनाव आयोग को शिवसेना के चुनाव चिह्न पर कोई फैसला न लेने के निर्देश की वजह से भी भाजपा संभलकर चल रही है। बता दें कि महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर राजनीतिक उठा पटक के बाद सत्ता में आई मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार के गठन को एक महीने से भी ज्यादा का वक्त हो गया है। लेकिन इसके कैबिनेट विस्तार को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है।
ऐसी जानकारी है कि राज्य सरकार 5 अगस्त को मंत्रिमंडल का विस्तार करेगी। बुधवार को शिंदे समूह के प्रवक्ता दीपक केसरकर ने स्पष्ट किया कि रविवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इस बीच, इंडिया टुडे की सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को केवल वरिष्ठ विधायकों के शपथ लेने की संभावना है। इसमें भाजपा के सात और शिंदे समूह के सात विधायक शामिल हैं।
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने 30 जून को शपथ ली थी। शिंदे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एकनाथ शिंदे के साथ दिल्ली का दौरा भी करने लगे। लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी कैबिनेट का विस्तार नहीं किया गया है। ऐसे में विपक्ष हमलावर है।
Next Story