भारत

पंजाब कांग्रेस कलह पर दिल्ली से बड़ी खबर, सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे कैप्टन अमरिंदर, देखें वीडियो

jantaserishta.com
6 July 2021 12:10 PM GMT
पंजाब कांग्रेस कलह पर दिल्ली से बड़ी खबर, सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे कैप्टन अमरिंदर, देखें वीडियो
x

नई दिल्लीः पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह मंगलवार को कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे हैं।

इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी खुद गाड़ी चलाकर मां सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी से मुलाकात की। प्रियंका गांधी वाड्रा ने पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ बैठक से पहले पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।
पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए जहां वह सोनिया गांधी से मिल सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि सिंह यहां से सुबह करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए। उनके दिन में सोनिया गांधी से मिलने की उम्मीद है।
गांधी के साथ उनकी बैठक इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि पार्टी आलाकमान पंजाब कांग्रेस की अंदुरूनी कलह दूर करने की कोशिश कर रहा है और विधानसभा चुनाव से कुछ वक्त पहले पार्टी में फेरबदल की अटकलें हैं। कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू का मुख्यमंत्री के साथ विवाद चल रहा है।
वह मुख्यमंत्री पर 2015 में सिख ग्रंथों की बेअदबी और उसके बाद प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की गोलीबारी की जांच पूरी होने में कथित देरी जैसे मुद्दों के लेकर हमले कर रहे हैं। इस तरह की अटकलें हैं कि प्रस्तावित फेरबदल में सिद्धू को अहम भूमिका मिल सकती है।
कुछ दिन पहले सिद्धू ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा से मुलाकात की थी। सिंह 22 जून को राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता वाली कांग्रेस की तीन सदस्यीय समिति के समक्ष पेश हुए थे। इस समिति का गठन पंजाब कांग्रेस में अंदरुनी कलह को खत्म करने के लिए किया गया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सत्तारूढ़ भाजपा पर जनता को संकट में धकेलने का पाप करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि कांग्रेस देश में बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर भाजपा नीत सरकारों से सवाल भी करेगी और आंदोलन भी। प्रियंका ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से झांसी में आयोजित कांग्रेस पदाधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा नीत सरकारों ने जनता को संकट में धकेलने का पाप किया है।
हर वर्ग बढ़ती महंगाई, अपराध, हत्या, लूट, बलात्कार, भष्टाचार से पीड़ित है, कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में वृद्धि के खिलाफ भाजपा नीत सरकारों से सवाल भी करेगी और आंदोलन भी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की बयार बह रही है। शोषितों, वंचितों और दलितों का उत्पीड़न योगी सरकार का प्रमुख एजेंडा है।
अपराधियों को सत्ता दल के मौन समर्थन के कारण हालात विस्फोटक होते जा रहे हैं। प्रियंका ने कहा, ''देश के हर वर्ग की पीड़ा को हरने का हमारा इतिहास भी है, वर्तमान भी और भविष्य भी। इसलिये देश हमारी पहली प्राथमिकता है। उसके साथ खड़े होकर उनकी पीड़ा और दर्द को साझा करने के साथ-साथ उससे मुक्ति के लिये मेहनत से काम करना होगा।''
कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पास कोई विजन नहीं है और वह छल का सहारा लेकर युवाओं और बेरोजगारों के साथ अन्याय कर रही है। सवालों के उत्तर देने के स्थान पर वह झूठ बोलती है और जवाबदेही से बचती है।



Next Story