भारत

ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी खबर! रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नहीं चार्ज होगा मोबाइल, रेलवे ने जारी किए सख्त निर्देश

jantaserishta.com
28 Oct 2026 8:16 AM IST
ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी खबर! रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नहीं चार्ज होगा मोबाइल, रेलवे ने जारी किए सख्त निर्देश
x
नई दिल्ली: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. भारतीय रेलवे ने रात के समय मोबाइल चार्जिंग को लेकर अपने निर्देशों को सख्ती से लागू करने की तैयारी की है. रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि ट्रेन के कोचों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट अनिवार्य रूप से बंद रखे जाएं. इस दौरान किसी भी तरह की छूट नहीं देने को कहा गया है. रेलवे का यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है.
दक्षिण पूर्व रेलवे में चार्जिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फटने की घटना सामने आई थी. बताया गया कि घटना के समय ट्रेन के कोच में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे. इस घटना के बाद रेलवे बोर्ड ने रात के निर्धारित समय में चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया है. रेलवे में पहले भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चार्जिंग और आग लगने की आशंकाओं को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जाते रहे हैं. चार्जिंग उपकरणों में खराबी, बैटरी का गर्म होना या बिजली से जुड़ी गड़बड़ी सुरक्षा के लिहाज से खतरा पैदा कर सकती है.
रेलवे बोर्ड ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय पर कोचों के चार्जिंग पॉइंट बंद करना सुनिश्चित करें. ऑनबोर्ड स्टाफ को इस व्यवस्था के बारे में स्पष्ट निर्देश देने के साथ जरूरी प्रशिक्षण और परामर्श देने पर भी जोर दिया गया है. इसके अलावा अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संबंधित ट्रेनों में आदेश का पालन हो रहा है या नहीं. लापरवाही रोकने के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है.
ट्रेनों में रात के समय चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का निर्देश पहली बार नहीं आया है. रेलवे बोर्ड ने 19 जून 2014 को भी इस संबंध में आदेश जारी किया था. उस समय ट्रेन में आग लगने की घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर यह व्यवस्था सुझाई गई थी. मार्च 2021 में भी रेलवे ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग सुविधा बंद रखने के निर्देशों को दोबारा सख्ती से लागू करने की बात कही थी.
रात में ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह है कि वे मोबाइल और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को यात्रा शुरू होने से पहले चार्ज कर लें. रात 11 बजे के बाद चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध रहने पर निर्भर न रहें. पावर बैंक या मोबाइल चार्ज करते समय उपकरण के असामान्य रूप से गर्म होने, धुआं निकलने या जलने जैसी गंध आने पर उसे इस्तेमाल करना बंद करें और तुरंत ट्रेन के स्टाफ को सूचना दें. रेल अधिकारियों का कहना है कि रेलवे का उद्देश्य रात के समय कोचों में आग या बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना है. ऐसे में यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति को नजरअंदाज न करें.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story