भारत

कल भारत बंद को लेकर बड़ी खबर, किसान यूनियन के प्रवक्‍ता ने कही ये बात, जानना है आपके लिए जरुरी

HARRY
7 Dec 2020 9:26 AM GMT
कल भारत बंद को लेकर बड़ी खबर, किसान यूनियन के प्रवक्‍ता ने कही ये बात, जानना है आपके लिए जरुरी
x

ANI 

पिछले 11 दिनों से कृषि विधेयक के खिलाफ जारी किसानों के आंदोलन का सोमवार को 12वां दिन है। यह आंदोलन व्यापक रूप लेता जा रहा है। इस क्रम में मंगलवार, 8 दिसंबर को किसानों ने भारत बंद का ऐलान किया है जिसे विपक्षी पार्टियों का पूरा समर्थन प्राप्‍त है। कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी व महाराष्‍ट्र, बिहार, तमिलनाडु, उत्‍तर प्रदेश व जम्‍मू-कश्‍मीर की 10 पार्टियों ने संयुक्‍त बयान जारी कर भारत बंद को अपना समर्थन दिया है।

भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्‍ता राकेश टिकैत ने कहा, 'हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और हम इसे ऐसे ही जारी रखेंगे। कल का भारत बंद सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। यह हमारा विरोध प्रदर्शन है जिसके जरिए हम यह बताना चाहते हैं कि हम भारत सरकार की पॉलिसी के विरोध में हैं।' उन्‍होंने आगे कहा, 'आम जनता को इससे परेशानी न हो इसलिए भारत बंद की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी ताकि वे समय पर ऑफिस पहुंच सके। ऑफिस में वर्क आवर 3 बजे खत्‍म हो जाता है। एंबुलेंस और विवाह समारोहों को बाधित नहीं किया जाएगा। लोग अपना कार्ड दिखाकर काम के लिए जा सकते हैं।' दिल्‍ली पुलिस के पीआरओ आइश सिंघल ( Eish Singhal, Delhi Police PRO) ने बताया, 'दिल्‍ली पुलिस ने कल के भारत बंद के मद्देनजर पर्याप्‍त इंतजाम कर लिए हैं। हम इस बात को सुनिश्‍चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि देश की जनता पूरी तरह सुरक्षित रहे।'


जानें इन राज्‍यों में कैसा होगा 'भारत बंद'

- महाराष्‍ट्र के वाशी, नवी मुंबई के एपीएमसी मार्केट की सभी दुकानों समेत तमाम गतिविधियां बंद रहेंगे। यह जानकारी नवी मुंबई एपीएमसी के अध्‍यक्ष राजेंद्र शेल्‍के ने दी।

- पश्‍चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्‍चिमी मिदनापुर में रैली के दौरान कहा, 'भाजपा सरकार द्वारा कृषि कानूनों को वापस लेना जरूरी है।'

- भारत बंद के मद्देनजर 8 दिसंबर , बुधवार को पंजाब के होटलों व रिसॉर्ट को बंद रखा जाएगा। इसके तहत पहले से किए गए शादी व अन्‍य पार्टियों की बुकिंग को भी रद कर दिया गया है।

- तमिलनाडु में भारत बंद के साथ द्रमुक

द्रमुक अध्‍यक्ष एम के स्‍टालिन ने कहा, 'तमिलनाडु में आंदोलनकारी किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया था। सलेम में हो रहे आंदोलन में मैं भी शामिल था। एड्डापड्डी पलानीस्‍वामी सरकार आंदोलनकारियों के खिलाफ है।' उन्‍होंने कहा,'विपक्ष ने पहले ही कह दिया है कि हम 8 दिसंबर को भारत बंद का समर्थन करेंगे और इसमें शामिल होंगे।'
किसानों के साथ TMC लेकिन बंद को नहीं देगी समर्थन
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय (TMC MP Saugata Roy) ने कहा, 'पार्टी आंदोलनकारी किसानों के साथ है लेकिन पश्‍चिम बंगाल में भारत बंद को अपना समर्थन नहीं देंगे। यह हमारे सिद्धांतों के खिलाफ है।'
संसद के शीत सत्र की मांग कर रहे कांग्रेस सांसद
जंतर-मंतर पर पहुंच कांग्रेस सांसदोें ने धरना शुरू कर दिया और किसानों के मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद के शीत सत्र की मांग कर रहे हैं। सांसद मनीष तिवारी ने कहा, 'सत्र बुलाई जानी चाहिए, किसान विरोधी कानूनों पर फिर से चर्चा कर इसे वापस लिया जाना चाहिए। सरकार सत्र को नजरअंदाज कर रही है। यह लोकतंत्र के खिलाफ है।'
इसमें उत्‍तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती का नाम भी शामिल है। इसके अलावा आंदोलन करने वाले किसानों से दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज मुलाकात की। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े भारतीय किसान संघ ने आंदोलनकारी किसानों द्वारा बुलाए गए 8 दिसंबर को भारत बंद से दूरी बना ली है। इसके पीछे भारतीय किसान संघ की ओर से इसमें शामिल राजनीतिक पार्टियों को कारण बताया गया है। भारतीय किसान संघ का कहना है कि किसान संगठनों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार के सामने रखनी चाहिए।


Next Story