भारत

विधानसभा के विशेष सत्र से पहले CM हेमंत सोरेन की बड़ी बैठक

SHIDDHANT
23 Nov 2026 10:04 PM IST
विधानसभा के विशेष सत्र से पहले CM हेमंत सोरेन की बड़ी बैठक
x
MMDR और SIR पर बनी रणनीति
रांची। झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर 2026 को प्रस्तावित दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से आयोजित इस वर्चुअल बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 (MMDR) और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर रणनीति तैयार की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को विशेष सत्र के दौरान तथ्यों के साथ पूरी तैयारी से सदन में उपस्थित रहने पर जोर दिया। विपक्ष के संभावित सवालों का जवाब देने और सरकार का पक्ष रखने को लेकर भी चर्चा हुई।
सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। उनका आरोप है कि नए प्रावधानों से खनिज संपदा पर उपकर लगाने के राज्य के अधिकार सीमित हो सकते हैं। इससे झारखंड के राजस्व और जनकल्याणकारी योजनाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई गई।
बैठक में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने भी एमएमडीआर और एसआईआर के मुद्दों पर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि खनिज संबंधी संशोधन से राज्य को सालाना हजारों करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हो सकता है।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और कई मामलों की सुनवाई लंबित है। उन्होंने प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। विधायकों ने अपने क्षेत्रों की स्थिति से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। बैठक में विशेष सत्र के दौरान इन दोनों मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सत्ता पक्ष के बीच समन्वय बनाए रखने पर चर्चा हुई।
Next Story