भारत

बड़ी घटनाः जहरीली शराब पीने से 11 लोग मरे, परिजनों की हालत ख़राब

jantaserishta.com
16 Jan 2022 12:30 PM IST
बड़ी घटनाः जहरीली शराब पीने से 11 लोग मरे, परिजनों की हालत ख़राब
x
जहरीली शराब से कई बार लोग असमय ही काल के गाल में समा चुके हैं लेकिन फिर भी शराब पीने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है।

बिहार: बिहार में काफी समय से शराबबंदी कानून लागू है। इसके बावजूद यहां रोजाना शराब पीने, जब्त करने और बनाने के मामले मिलते रहते हैं। जहरीली शराब से कई बार लोग असमय ही काल के गाल में समा चुके हैं लेकिन फिर भी शराब पीने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नालंदा का है। जहां शनिवार को जहरीली शराब से अबतक 11 लोगों की मौत हो गई है। यह संख्या और बढ़ सकती है।

कई लोगों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है, जिनकी हालत गंभीर है। परिजनों के अनुसार सभी ने मिलावटी शराब पी थी। चर्चा है कि तीन मृतकों का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। कई लोगों की आंखों की रोशनी भी जाने की चर्चा है। हालांकि, ऐसे किसी मामले की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। घटना सोहसराय थाना के छोटी पहाड़ी मोहल्ले की है। दूसरी तरफ जिले की सारी पुलिस, डीएम-एसपी, तीनों एसडीपीओ, सैकड़ों जवान व श्वान दस्ता दिनभर बिहारशरीफ के हिरण्य पर्वत पर शराब खोजते रहे। शराब और कुछ सामान बरामद की गई है।
शनिवार की सुबह छोटी पहाड़ी में दो व पहड़तल्ली मोहल्ले में एक के मरने की खबर फैली। पहले तो परिजनों ने कहा कि मिलावटी शराब पीने से मौत हुई। पुलिस अधिकारियों के पहुंचते ही उनके सुर बदल गये। एक की ठंड से और एक की लकवा मारने से मौत होने की कहानी सुनायी जाने लगी। फिर, श्रृंगार हाट मोहल्ले से एक मौत की सूचना मिली।
इसके बाद छोटी पहाड़ी मोहल्ले के दो और लोगों को सदर अस्पताल लाया गया। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज (विम्स) रेफर किया गया। इधर, निजी अस्पताल से बॉलीपर के राजेश को विम्स भेजा गया। तीनों की एक-एक कर मौत हो गयी। शाम में निजी अस्पताल में छोटी पहाड़ी के एक अधेड़ की मौत की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही जिले के सभी आला अधिकारी एक-एक कर छोटी पहाड़ी मोहल्ला पहुंचने लगे। डीएम, एसपी, एसडीओ, बिहारशरीफ, राजगीर व हिलसा के डीएसपी समेत सभी बड़े अधिकारी पहुंच गये। परिजनों से बातचीत की गयी। बाद में छापेमारी होने लगी। दो स्थानों से 92 बोतल विदेशी शराब, टेट्रापैक शराब पैक करने के सामान, चार लीटर चुलौआ शराब, 26 पाउच देसी शराब बरामद की गयी है।
एडीजी मुख्यालय जेएस गंगवार ने कहा, 'प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ लोगों की मौत बीमारी और कुछ की जहरीली शराब पीने से हुई है। पटना के रेंज आईजी राकेश राठी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उनके नेतृत्व में पुलिस की कार्रवाई जारी है। अबतक आठ शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे निष्कर्ष पर पहुंचेंगे। पुलिस की तीन टीम छापेमारी कर रही है। छापेमारी में देसी व विदेशी शराब बरामद हुई है, वहीं चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं। थानेदार को निलंबित किया जाएगा।'
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story