भारत

नकली लेबलिंग का बड़ा खेल: कंपनी पर कसा शिकंजा 75 लाख के खाद्य पदार्थ जब्त

SHIDDHANT
31 Aug 2026 11:30 PM IST
नकली लेबलिंग का बड़ा खेल: कंपनी पर कसा शिकंजा 75 लाख के खाद्य पदार्थ जब्त
x
रिपैकिंग खेल का खुलासा
Mumbai मुंबई: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खाद्य विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। तुर्भे एमआईडीसी इलाके में स्थित साधना एंटरप्राइज कंपनी पर छापेमारी कर विभाग ने करीब 75 लाख रुपये से ज्यादा कीमत का माल जब्त किया है। जांच के दौरान कंपनी में खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और लेबलिंग में गड़बड़ी सामने आई है। खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान कंपनी परिसर से कुल 4,942 कार्टन खाद्य सामग्री जब्त की। इसकी बाजार कीमत करीब 75 लाख 21 हजार रुपये बताई जा रही है। जांच में करीब 30 हजार रुपये कीमत का ऐसा सामान भी मिला, जिस पर जरूरी लेबल नहीं थे या जिसकी एक्सपायरी डेट खत्म हो चुकी थी।
अधिकारियों के अनुसार, कंपनी में खाद्य पदार्थों की रिपैकिंग और दोबारा लेबलिंग की जा रही थी। आरोप है कि पैकेट पर मौजूद मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट में बदलाव किया जा रहा था। इसके अलावा उत्पादों में इस्तेमाल सामग्री यानी इंग्रेडिएंट्स की जानकारी से भी छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है। छापेमारी के दौरान कई तरह के खाद्य उत्पाद मिले, जिनमें आलू चिप्स, कॉर्न स्नैक्स, कुरकुरे, इंस्टेंट नूडल्स, रेडी टू ईट पनीर टिक्का, दम आलू, रसोई पनीर भुर्जी, दाल मखनी, म्योनीज और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे उत्पाद शामिल हैं।
खाद्य विभाग ने साधना एंटरप्राइज के मालिक और पार्टनर्स के खिलाफ तुर्भे एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। इसके साथ ही कंपनी का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। खाद्य विभाग ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी खाद्य उत्पाद की गुणवत्ता, पैकेजिंग या लेबल को लेकर कोई गड़बड़ी नजर आती है तो इसकी शिकायत संबंधित विभाग से करें। इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की जांच और छापेमारी जारी रहेगी।
Next Story