भारत

ट्रेन पलटाने की बड़ी साजिश: NIA की भी एंट्री, संदिग्ध हिरासत में

jantaserishta.com
9 Sept 2024 3:12 PM IST
ट्रेन पलटाने की बड़ी साजिश: NIA की भी एंट्री, संदिग्ध हिरासत में
x
IB व ATS की जांच जारी.
> पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया.
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में कालिंदी एक्सप्रेस को पलटाने की साजिश रचने में यूपी ATS को जमात पर शक है. इसलिए एटीएस ने अपनी जांच का दायरे में जमातियों को शामिल किया है. इसके अलावा अब इस घटना की आतंकी एंगल से भी जांच करने की तैयारी हो रही है क्योंकि अब इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की भी एंट्री भी हो गई है. एनआईए ने कानपुर पुलिस से कॉन्टेक्ट कर इस पूरे मामले की जानकारी ली है.
बताया जा रहा है कि एनआईए जल्द ही कानपुर आकर इस मामले में अपनी जांच शुरू करेगी. उससे पहले एजेंसी ने कानपुर पुलिस के सीनियर अधिकारियों से बात कर मामले की जानकारी ले ली है. इससे पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और यूपी ATS भी इस मामले की जांच कर रही है. एटीएस के आईजी शिवराजपुर पुलिस थाने के अंदर पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं. इसके अलावा पुलिस ने इसकी जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया है. पुलिस की टीमों ने संदिग्ध लोगों को थाने में पूछताछ के लिए बुलाया है.
दरअसल कानपुर से सटे बिल्हौर के मकनपुर में हजरत बदीउद्दीन जिंदा शाह की मजार है. यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में जमातियों का आना-जाना लगा रहता है. इसी वजह से पुलिस ने जांच के दायरे में जमातियों को भी लिया है. कानपुर के डीसीपी वेस्ट ने बताया कि कानपुर के बिल्हौर में बड़े पैमाने पर देश भर से जमातियों का डेरा रहता है. इसलिए उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है.
आठ सितंबर की रात करीब 8:30 बजे अनवरगंज-कासगंज रेलवे लाइन पर प्रयागराज से भिवानी की ओर जा रही कालिंदी एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक पर रखे एलपीजी सिलेंडर से टकराई थी. यह हादसा बर्राजपुर और बिल्हौर स्टेशन के बीच हुआ था. पुलिस के मुताबिक, लोको पायलट ने बताया कि उसे ट्रैक पर कोई संदिग्ध चीज दिखाई दी, जिसके बाद उसने ब्रेक मारी, लेकिन उसके बाद भी ट्रेन पर काबू नहीं किया जा सका और ट्रेन उस चीज से टकरा गई, जिसके बाद काफी तेज आवाज हुई. लोको पायलट के मुताबिक, इस घटना के बाद उसने ट्रेन को रोक दिया और गार्ड समेत अन्य अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दी.
इस घटना की जानकारी मिलते ही अनवरगंज स्टेशन के रेलवे अधीक्षक, रेलवे पुलिस फोर्स और अन्य रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए. मौके पर जांच की गई तो पुलिस को झाड़ियों में एलजीपी का एक जला हुआ सिलेंडर, मिठाई के डिब्बे में पेट्रोल की बोतल और बारूद के साथ ही माचिस जैसे कई घातक पदार्थ भी मिले. ट्रेन को आधा घंटा रोकने के बाद रवाना कर दिया गया. मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने आकर जांच पड़ताल की. सभी संदिग्ध वस्तुओं को जांच के लिए भेज दिया गया.
बीते 17 अगस्त की रात कानपुर-झांसी रूट पर साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे इंजन समेत पटरी से नीचे उतर गए थे. ये ट्रेन वाराणसी से अहमदाबाद जा रही थी. हादसे का शिकार हुई ट्रेन के ड्राइवर ने बताया था कि बोल्डर के इंजन से टकराने के कारण हादसा हुआ क्योंकि जैसे ही बोल्डर इंजन से टकराया, वैसे ही इंजन का कैटल गार्ड बुरी तरह से मुड़ गया. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया था कि इस हादसे की जांच इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और यूपी पुलिस कर रही है. हादसे के एविडेंस सुरक्षित कर लिए गए हैं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story