भारत

BIG BREAKING: दो मंजिला मकान धराशायी, पिता और तीन बच्चों समेत पांच की मौत

Shantanu Roy
9 Oct 2025 11:20 PM IST
BIG BREAKING: दो मंजिला मकान धराशायी, पिता और तीन बच्चों समेत पांच की मौत
x
देखें VIDEO...
Ayodhya. अयोध्या। रामनगरी अयोध्या से करीब 25 किलोमीटर दूर पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के पगला भारी गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। एक घर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना भयानक था कि दो मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया, और उसका मलबा करीब 500 मीटर दूर तक फैल गया। इस हादसे में अब तक पिता और तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,
धमाका
शाम करीब 6 बजे के आसपास हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि पहले तेज धमाका हुआ और फिर कुछ ही सेकंड में पूरा मकान धूल के गुबार में बदल गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के कई घरों की दीवारों में भी दरारें आ गईं और खिड़कियों के शीशे टूट गए।


घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल
धमाके के बाद इलाके में भारी दहशत और अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। सूचना मिलते ही पूरा कलंदर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने अब तक पांच शवों को मलबे से निकाला है, जबकि कुछ अन्य लोगों के दबे होने की आशंका अभी भी बनी हुई है। पुलिस और राहत दल ने मौके पर घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल और अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम अस्पताल में इमरजेंसी मोड में काम कर रही है।
धमाके की जांच में जुटी पुलिस
विस्फोट के कारणों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि घर में आतिशबाजी सामग्री या बारूद रखा गया था, जिससे धमाका हुआ। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि ब्लास्ट के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा
हादसे की सूचना मिलने पर एसपी अयोध्या, एसडीएम और जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने कहा है कि रेस्क्यू पूरा होने तक बचाव कार्य जारी रहेगा। साथ ही, मृतकों के परिजनों को राज्य आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता देने की तैयारी की जा रही है।
गांव में मातम का माहौल
पगला भारी गांव में इस हादसे के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं- पिता और उनके तीन छोटे बच्चे। ग्रामीणों ने बताया कि यह परिवार कई सालों से इसी घर में रह रहा था और परिवार के मुखिया रोजगार के लिए बाहर काम करते थे। हादसे के वक्त वह घर पर ही मौजूद थे। फोरेंसिक विभाग की टीम घटनास्थल से सैंपल जुटा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मलबे में कुछ ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ मिले हैं, जिनकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि धमाका गैस सिलेंडर फटने से हुआ या विस्फोटक सामग्री से। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रशासन को शीघ्र राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मृतकों के परिवारों को सरकारी मदद देने के संकेत भी दिए गए हैं।
Next Story