भारत

BIG BREAKING: कपिल शर्मा के Kap’s Cafe पर फिर चली गोली, इस गैंग ने ली जिम्मेदारी

Shantanu Roy
7 Aug 2025 10:02 PM IST
BIG BREAKING: कपिल शर्मा के Kap’s Cafe पर फिर चली गोली, इस गैंग ने ली जिम्मेदारी
x
बड़ी खबर
Kevadwa. केवड़वा। मशहूर कॉमेडियन और टीवी कलाकार कपिल शर्मा के कनाडा के सरे (Surrey) शहर स्थित Kap’s Cafe को एक बार फिर गैंगवार की आग में झुलसने का सामना करना पड़ा है। 7 अगस्त की सुबह एक बार फिर अज्ञात हमलावरों ने उनके कैफे को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। यह इस प्रतिष्ठान पर दूसरी बार फायरिंग की घटना है। खास बात यह है कि इस बार फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने ली है। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कैफे पर फायरिंग करते हुए कुछ लोगों को देखा गया है, जो एक कार में सवार होकर आए थे।
गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी, मुंबई में अगली कार्रवाई की दी धमकी
हमले के बाद सोशल मीडिया पर गोल्डी ढिल्लों ने एक पोस्ट शेयर करते हुए इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। उसने लिखा "जय श्री राम, सत श्री अकाल, राम-राम सभी भाइयों को। आज जो फायरिंग हुई कपिल शर्मा के सरे स्थित कैप्स कैफे पर, उसकी जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग लेता है। हमने इसको फोन किया था, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाई, इसलिए यह एक्शन लेना पड़ा। अगर अब भी जवाब नहीं मिला तो अगला एक्शन मुंबई में होगा।" हालांकि, इस पोस्ट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है और स्थानीय पुलिस अभी इसकी सत्यता की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, कैफे के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
सरे पुलिस सर्विस (Surrey Police Service) ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 4:40 बजे न्यूटन क्षेत्र के 120 स्ट्रीट स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में घटी। सूचना मिलते ही पुलिस की कई यूनिट्स मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई। मौके पर फायरिंग के स्पष्ट सबूत— गोलियों के निशान, क्षतिग्रस्त खिड़कियां— मिले। हालांकि कैफे के भीतर मौजूद किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस घटना के बाद सरे पुलिस और डेल्टा पुलिस विभाग की कई टीमें सक्रिय हो गई हैं। मामले की जिम्मेदारी अब फ्रंटलाइन इन्वेस्टिगेटिव सपोर्ट (FLIS) यूनिट को सौंप दी गई है। वहीं, पुलिस ने घटना स्थल और आसपास की सुरक्षा भी बढ़ा दी है।
एक महीने पहले भी हुआ था हमला, तब खालिस्तानी आतंकी लड्डी ने ली थी जिम्मेदारी
उल्लेखनीय है कि कपिल शर्मा के इस कैफे पर 10 जुलाई को भी इसी तरह की एक फायरिंग की घटना हुई थी। उस समय हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने ली थी, जो बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ है और भारत की NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। उस घटना का भी वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति कार से उतरकर पिस्टल निकालता है और 10 से 12 राउंड फायर करता है। हरजीत लड्डी ने दावा किया था कि किसी पुराने बयान के कारण उसने हमला किया। हालांकि, तब भी किसी के घायल होने की खबर नहीं थी।
कपिल शर्मा की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं
दूसरी बार हुए इस हमले के बाद अब तक कपिल शर्मा या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, घटना को लेकर प्रशंसकों और मनोरंजन जगत के अन्य सदस्यों में चिंता का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं, क्योंकि एक महीने में एक ही स्थान पर दो बार हुई फायरिंग ने इसे एक अंतरराष्ट्रीय गैंगवार के इशारे में ला खड़ा किया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की अंतरराष्ट्रीय सक्रियता पर फिर सवाल
लॉरेंस बिश्नोई गैंग पहले से ही पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, सलमान खान को धमकी और कई अन्य संगठित आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। गोल्डी ढिल्लों का इस गैंग से जुड़ाव और अब विदेशी जमीन पर हिंसक कार्रवाई की जिम्मेदारी लेना यह दर्शाता है कि भारत की सीमाओं के पार भी इस गिरोह की पकड़ मजबूत हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में बढ़ती कार्रवाई और पुलिस दबाव के चलते अब ये गैंग कनाडा, यूके, यूएई जैसे देशों से ऑपरेट करने लगे हैं। सोशल मीडिया के जरिए धमकी देना, वीडियो जारी करना और जिम्मेदारी लेना इन गैंग्स की नई रणनीति बन गई है।
Next Story