भारत

BIG BREAKING: लाल किला के पास खड़ी कार ब्लास्ट से दहली दिल्ली, अब तक 8 की मौत

Shantanu Roy
10 Nov 2025 8:22 PM IST
BIG BREAKING: लाल किला के पास खड़ी कार ब्लास्ट से दहली दिल्ली, अब तक 8 की मौत
x
हाई अलर्ट पर मुंबई-यूपी
New Delhi. नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भयंकर धमाके से दहल उठी। लाल किले के पास खड़ी एक कार में हुआ हाई इंटेंसिटी ब्लास्ट इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई और मौके पर भगदड़ मच गई। इस धमाके में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है और दिल्ली सहित मुंबई, उत्तर प्रदेश तक हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।


धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास
सूत्रों के मुताबिक, धमाका शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ। फायर ब्रिगेड को जैसे ही सूचना मिली, 5 दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंची टीमों ने देखा कि एक इको वैन के परखच्चे उड़ चुके थे और उसके आसपास खड़ी 6 से 7 गाड़ियों में आग लग चुकी थी। आग बुझाने का काम देर रात तक जारी रहा। आसपास के इलाकों को तत्काल खाली कराया गया और दिल्ली पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, विस्फोट की तीव्रता बहुत अधिक थी, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि इसमें किसी उच्च विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।
फोरेंसिक और एनआईए टीम मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ और बम निरोधक दस्ता भी जांच में जुट गए हैं। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाका कार में मौजूद सीएनजी सिलेंडर से हुआ या किसी विस्फोटक डिवाइस से। सूत्रों का कहना है कि धमाके के समय कार लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर कुछ देर से खड़ी थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार वहां कैसे पहुंची और किसने छोड़ी। पुलिस ने आसपास मौजूद चश्मदीदों से भी पूछताछ शुरू की है।
मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट
इस धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने देशभर में अलर्ट जारी कर दिया है। मुंबई पुलिस ने संवेदनशील इलाकों रेलवे स्टेशन, मॉल, धार्मिक स्थलों और बाजारों में पेट्रोलिंग और नाकेबंदी बढ़ा दी है। प्रत्येक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की जांच की जा रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के पुलिस अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। यूपी पुलिस को सभी प्रमुख शहरों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नोएडा और गाजियाबाद में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नोएडा पुलिस ने सेक्टर-18 जैसे व्यस्त इलाकों में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। संदिग्ध वाहनों और लोगों से पूछताछ की जा रही है। मेट्रो स्टेशनों और बाजारों के आसपास ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने कहा – सब पहलू जांच के दायरे में
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमाके के बाद इलाके की पूरी कॉर्डनिंग कर दी गई है। मौके से बरामद वाहन के अवशेषों और धातु के टुकड़ों को जांच के लिए एफएसएल लैब भेजा जा रहा है। अधिकारी ने कहा, “हम यह जांच रहे हैं कि यह दुर्घटनावश हुआ धमाका है या सुनियोजित आतंकी साजिश। किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।”
फरीदाबाद में अमोनियम नाइट्रेट मिलने से बढ़ा शक
दिल्ली ब्लास्ट ऐसे समय में हुआ है जब दिल्ली से सटे फरीदाबाद में पुलिस ने कुछ घंटे पहले ही 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया था। यह वही रासायनिक पदार्थ है जो विस्फोटक बनाने में आम तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि दोनों घटनाओं के बीच अभी तक कोई प्रत्यक्ष संबंध स्थापित नहीं हुआ है, लेकिन जांच एजेंसियां दोनों घटनाओं को जोड़कर भी जांच कर रही हैं।
इलाके में दहशत और दुआओं का माहौल
धमाके के बाद लाल किला और चांदनी चौक इलाका पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 और 2 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। धमाके के समय मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि “एक तेज आवाज हुई, फिर आग की लपटें उठीं और लोग चीखते हुए भागने लगे।” घायलों को तत्काल एलएनजेपी और अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल दिल्ली पुलिस, एनआईए और फोरेंसिक टीमें मौके पर हैं और धमाके की असली वजह जानने की कोशिश में जुटी हैं।
Next Story