भारत
BIG BREAKING: मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में कार हुआ ब्लास्ट, एक की मौत
Shantanu Roy
10 Nov 2025 7:56 PM IST

x
लाश के उड़े चीथड़े, देखें VIDEO...
New Delhi. नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सोमवार शाम उस वक्त दहल उठी जब ऐतिहासिक लाल किले के पास खड़ी एक इको वैन में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो से तीन लोग घायल हुए हैं। फिलहाल घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
धमाके से मची दहशत
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट की सूचना मिली। कुछ ही मिनटों में दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। धमाके के बाद पास में खड़ी 5 से 6 गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं, जिनके परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि धमाके के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया है।
हाई इंटेंसिटी ब्लास्ट, एनआईए की टीम रवाना
सूत्रों के मुताबिक यह हाई इंटेंसिटी ब्लास्ट था, जिसकी आवाज दूर तक सुनी गई। धमाके के बाद एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम को मौके पर भेजा गया है, जो फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मिलकर जांच करेगी कि धमाका सीएनजी सिलेंडर से हुआ या फिर किसी विस्फोटक से। इस बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की सटीक वजहों का पता लगाया जा सके।
स्ट्रीट लाइटें टूटीं, चांदनी चौक मार्केट बंद
धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइटें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा आसपास खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से चांदनी चौक मार्केट को बंद करवा दिया गया। दिल्ली पुलिस ने लाल किला, दरियागंज, जामा मस्जिद और मेट्रो स्टेशन के चारों ओर सुरक्षा बढ़ा दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भयावह नज़ारा
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि कुछ देर के लिए इलाके में धुआं और आग की लपटें ही दिखाई दे रही थीं। कई राहगीर बुरी तरह से डर गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। एक स्थानीय दुकानदार ने बताया – “धमाके के बाद हम सब बाहर भागे। एक कार पूरी तरह जल चुकी थी और आसपास खड़ी गाड़ियों में आग फैल गई।”
एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत गंभीर
घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी यूनिट को अलर्ट पर रखा है। पुलिस अभी मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं कर पाई है।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, साजिश की आशंका
इस धमाके ने दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया है। दिल्ली पुलिस, एनआईए, फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते सभी मौके पर मौजूद हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला केवल लोकल ब्लास्ट नहीं लग रहा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता।
फरीदाबाद में 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामदगी से जुड़ा क्या है कोई लिंक?
धमाका ऐसे समय हुआ है जब दिल्ली से सटे फरीदाबाद में कुछ घंटे पहले ही 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया था। यह वही केमिकल है जो विस्फोटक सामग्री तैयार करने में इस्तेमाल होता है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं दोनों घटनाओं में कोई कड़ी तो नहीं जुड़ी हुई है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। घटना के बाद पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सभी प्रमुख स्थानों — इंडिया गेट, संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, मेट्रो स्टेशन और एयरपोर्ट — पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। संदिग्ध वाहनों की तलाशी और नाकाबंदी भी की जा रही है।
Tagsलाल किला धमाकादिल्ली ब्लास्टइको वैन विस्फोटएनआईए जांचदिल्ली पुलिसलाल किला मेट्रो स्टेशनचांदनी चौक बंदहाई अलर्ट दिल्लीएलएनजेपी अस्पतालफरीदाबाद अमोनियम नाइट्रेटदिल्ली सुरक्षा एजेंसियांRed Fort blastDelhi blastEeco van blastNIA investigationDelhi PoliceRed Fort Metro stationChandni Chowk closedhigh alert DelhiLNJP HospitalFaridabad ammonium nitrateDelhi security agencies
Next Story





