भारत

BIG BREAKING: ईद पर गौवंश की कथित बलि से मचा बवाल, सात आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
9 Jun 2025 4:36 PM IST
BIG BREAKING: ईद पर गौवंश की कथित बलि से मचा बवाल, सात आरोपी गिरफ्तार
x
पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
Khargon. खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबाडोचर गांव में ईद के दिन एक प्रतिबंधित मवेशी (गौवंश) की कथित रूप से बलि दिए जाने का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना न केवल धार्मिक भावनाओं को झकझोरने वाली है, बल्कि क्षेत्र की कानून व्यवस्था के लिए भी एक गंभीर चुनौती बन गई थी। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर चैनपुर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले की जानकारी मिलते ही चैनपुर पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर मृत प्रतिबंधित मवेशी के शरीर के अवशेष और मांस को जब्त कर लिया गया। मौके पर भीकनगांव एसडीओपी राकेश आर्य के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस मामले में गौवंश वध निषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों को भीकनगांव न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना के बाद से अंबाडोचर गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

हिन्दू संगठनों और स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना के विरोध में झिरन्या नगर बंद का आह्वान किया है। इस एलान को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है ताकि शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके। एसडीओपी राकेश आर्य ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर कहा कि कानून अपने हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संवेदनशील घटना को लेकर प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखनी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story