
x
फिल्म जगत में शोक की लहर
Mumbai. मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर कपूर परिवार से एक दुखद खबर सामने आई है. सुपरस्टार अनिल कपूर (Anil Kapoor) की मां, निर्मल कपूर (Nirmal Kapoor), अब इस दुनिया में नहीं रहीं. 2 मई की शाम को 90 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. जैसे ही यह खबर सामने आई, फिल्म इंडस्ट्री और कपूर परिवार (Kapoor Family) के चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई. निर्मल कपूर, जिनका पूरा परिवार बॉलीवुड से जुड़ा है, तीन बेटों की मां थीं, बोनी कपूर (Boney Kapoor), अनिल कपूर (Anil Kapoor) और संजय कपूर(Sanjay Kapoor). तीनों भाइयों के लिए यह बेहद कठिन समय है, क्योंकि अब उनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है.
निर्मल कपूर अकसर व्हीलचेयर पर नजर आती थीं, लेकिन उनके बिना कपूर खानदान की कोई भी पार्टी नहीं होती थी. पिछले साल 27 सितंबर को उनके 90वें जन्मदिन के मौके पर पूरे परिवार ने मिलकर एक शानदार पार्टी रखी थी. अनिल कपूर ने उस खास दिन पर मां के साथ कई प्यारी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जो आज यादों के तौर पर रह गई हैं. निर्मल कपूर सिर्फ अपने बेटों के ही नहीं, बल्कि पोते-पोतियों के भी बेहद करीब थीं. अर्जुन कपूर, सोनम कपूर, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर जैसे स्टार किड्स अकसर अपनी दादी के साथ समय बिताते और सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते थे. उनकी मुस्कान और सादगी ने सभी के दिलों में खास जगह बना ली थी.
कपूर परिवार के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है. साल 2011 में अनिल और संजय कपूर ने अपने पिता सुरिंदर कपूर को खोया था, और अब मां निर्मल कपूर के निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है. फिलहाल परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इंडस्ट्री के कई सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए शोक जताना शुरू कर दिया है. जिंदगी में चाहे इंसान कितना भी बड़ा क्यों ना हो जाए, मां की जगह कोई नहीं ले सकता. अनिल कपूर और उनके भाइयों के लिए यह खालीपन शायद ही कभी भर पाएगा.
Next Story





