भारत

BIG BREAKING : निर्माणाधीन 3 मंजिला बिल्डिंग ढही, 2 मजदूरों की मौत

SHIDDHANT
27 Sept 2026 8:16 PM IST
BIG BREAKING : निर्माणाधीन 3 मंजिला बिल्डिंग ढही, 2 मजदूरों की मौत
x
मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू जारी
Ambala अंबाला: हरियाणा के अंबाला शहर के धूलकोट गांव में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इमारत के मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बिल्डिंग में निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक इमारत का ऊपरी हिस्सा ढह गया और कई मजदूर मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
अब तक हादसे में दो मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बचाव टीमों की ओर से लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। रेस्क्यू टीम ने JCB मशीनों की मदद से एक मजदूर को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि अभी भी कई मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका है। NDRF और SDRF की टीमें भी राहत अभियान में जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में सूचना मिली थी कि निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से कई मजदूर मलबे में फंस गए हैं। मौके पर पहुंची टीम ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग में लेंटर डालने का काम किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान स्ट्रक्चर कमजोर होने के कारण लेंटर गिर गया और उसके साथ बिल्डिंग का बड़ा हिस्सा भी ढह गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि मलबे को सावधानी से हटाया जा रहा है ताकि अंदर दबे लोगों को नुकसान न पहुंचे। राहत और बचाव कार्य में पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। हादसे के बाद गांव में भी चिंता का माहौल है। मजदूरों के परिजन मौके पर पहुंच रहे हैं और अपनों की जानकारी लेने में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसे में कुल कितने लोग प्रभावित हुए हैं। फिलहाल बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
Next Story