
x
माई हमार दुनिया
दिल्ली : भोजपुरी सिनेमा के स्टार पवन सिंह की मां प्रतिमा देवी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मां के अस्पताल में भर्ती होने से पवन सिंह काफी भावुक नजर आए। उन्होंने अस्पताल से अपनी मां के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की और दिल छू लेने वाला संदेश लिखा, जिसके बाद प्रशंसक भी प्रतिमा देवी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर जो तस्वीर साझा की, उसमें वह अस्पताल के बेड पर मौजूद अपनी मां से लिपटे हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने भोजपुरी में लिखा, ‘माई हमार दुनिया’, यानी मां ही उनकी पूरी दुनिया हैं। इस छोटे से संदेश के जरिए अभिनेता और गायक ने अपनी मां के प्रति भावनाएं जाहिर कीं।
तस्वीर सामने आने के बाद पवन सिंह के प्रशंसकों और भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उनकी मां के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने पवन सिंह को हिम्मत रखने की बात कहते हुए प्रतिमा देवी की सेहत में जल्द सुधार की कामना की।
इस बीच पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी प्रतिमा देवी के स्वास्थ्य को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। पारिवारिक रिश्तों को लेकर लंबे समय से चर्चा में रहे पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच मतभेद की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में प्रतिमा देवी के स्वास्थ्य को लेकर ज्योति की प्रतिक्रिया भी लोगों का ध्यान खींच रही है।
पवन सिंह अपनी मां के बेहद करीब माने जाते हैं और कई मौकों पर उनके प्रति अपना लगाव जाहिर कर चुके हैं। मां के साथ उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आती रही हैं। फिलहाल प्रतिमा देवी की तबीयत किस वजह से बिगड़ी और उन्हें कितने दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ेगा, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशंसक लगातार उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं।
Next Story





