भारत

16 लोगों की मौत का जिम्मेदार, गिरफ्तार कर भावेश भिंडे को मुंबई लाया गया

Nilmani Pal
17 May 2024 1:38 AM GMT
16 लोगों की मौत का जिम्मेदार, गिरफ्तार कर भावेश भिंडे को मुंबई लाया गया
x

मुंबई। घाटकोपर होर्डिंग गिरने की घटना में मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच द्वारा उदयपुर से गिरफ्तार किए गए मालिक भावेश भिंडे को मुंबई लाया गया है। बता दें कि घाटकोपर में होर्डिंग के गिरने से 16 लोगों की मौत हो गयी थी। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा टीम ने मुंबई के घाटकोपर इलाके में होर्डिंग लगाने के लिए जिम्मेदार विज्ञापन एजेंसी ईगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक भिंडे को गिरफ्तार किया। मुंबई में सोमवार को धूल भरी तेज आंधी में होर्डिंग गिरने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 75 घायल हुए थे।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने मुंबई के घाटकोपर इलाके में उस जगह पर खोज एवं बचाव अभियान को अब बंद करने की घोषणा की है, जहां एक विशालकाय होर्डिंग गिर गया था। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम बैमोसम बारिश और तेज आंधी के दौरान छेड़ानगर इलाके में एक पेट्रोल पंप पर लगा विशालकाय होर्डिंग गिर गया था, जिसके बाद उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए 66 घंटे तक तक खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया।

एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े दस बजे अभियान को समाप्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद अभियान को बंद करने का एलान किया। बचावकर्मियों ने बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात होर्डिंग के नीचे मलबे में दबी एक कार से 'वायु यातायात नियंत्रक’ (एटीसी) के एक सेवानिवृत्त महाप्रबंधक और उनकी पत्नी के शव निकाले, जिससे इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई जबकि 75 लोग घायल हुए हैं।

अधिकारी ने बताया कि दंपति के शवों को निकालने के लिए होर्डिंग के एक-दूसरे से जुड़े पांच गर्डर को एक-एक करके काटना पड़ा। पत्रकारों से बात करते हुए गगरानी ने बताया कि इस त्रासदी में 16 लोगों की मौत हो गई है और घटनास्थल पर तलाश एवं बचाव अभियान अब पूरा हो गया है। नगर निगम प्रमुख ने कहा कि उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और यह सुनिश्चित किया कि वहां कोई और व्यक्ति नहीं फंसा है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर दिन में अब मलबा हटाया जाएगा।


Next Story