भारत

BIG BREAKING: 'भारत vs इंडिया' विवाद, राहुल गांधी ने कही ये बात

jantaserishta.com
6 Sep 2023 11:37 AM GMT
BIG BREAKING: भारत vs इंडिया विवाद, राहुल गांधी ने कही ये बात
x
नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि भारत, इंडिया या हिंदुस्तान..., सबका मतलब मोहब्बत है। उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे वक्त पर की है जब जी20 से संबंधित रात्रिभोज के निमंत्रण पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'प्रेसीडेंट ऑफ भारत' के तौर पर संबोधित किए जाने को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार देश के दोनों नामों 'इंडिया' और 'भारत' में से 'इंडिया' को बदलना चाहती है। राहुल गांधी ने 'यूट्यूब' पर अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' से संबंधित वीडियो साझा करते हुए लिखा, ''भारत, इंडिया या हिंदुस्तान..., सबका मतलब मोहब्बत, इरादा सबसे ऊंची उड़ान।'' एक साल पहले सात सितंबर को ही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई थी।
अपने शॉर्ट वीडियो में राहुल गांधी जनता से मिलते हुए दिखाई दे रहे हैं। पिछले दिनों राहुल ने हरियाणा के खेतों में किसानों से मुलाकात की थी। इसके बाद वहां की महिलाओं को दिल्ली स्थित कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर खाने के लिए बुलाया था।राहुल ने पिछले कुछ महीनों में महिलाओं, किसानों, मजदूरों, बाइक मैकेनिक्स, ट्रक ड्राइवर आदि से मुलाकात की है। बाद में उन्होंने ये वीडियोज अपने यूट्यूब अकाउंट पर भी अपलोड किए। इन्हीं तमाम वीडियों को एक शॉर्ट यूट्यूब वीडियो पर राहुल ने अपलोड किया है।
पिछले साल सितंबर महीने में शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने पार्टी के कई नेताओं के साथ 4,000 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा की थी और इस दौराऩ उन्होंने समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों से बातचीत की थी। यह यात्रा पिछले साल सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी, जो इस वर्ष 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त हुई थी। यह यात्रा 145 दिन चली थी।
इससे पहले, मंगलवार को भारत और इंडिया के नामों को लेकर उपजे राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा था कि विपक्षी दलों को भारत नाम से परेशानी क्यों है। अनुराग ठाकुर ने कहा, ''इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। इससे पहले भी आपने भारत सरकार के नाम से कई आमंत्रण भेजे हुए देखे होंगे। समस्या कहां है। मैं भारत सरकार का मंत्री हूं, कई समाचार चैनलों के नाम में भी भारत है। भारत पर किसी को आपत्ति क्यों होनी चाहिए? इसका विरोध करने वाले वे लोग हैं, जिन्हें भारत नाम से परेशानी है।'' भारत नाम के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के बीच विपक्ष का आरोप है कि सरकार देश के नाम 'इंडिया' को हटाकर भारत नाम का ही उपयोग करना चाहती है। केंद्रीय मंत्री ने इस मामले को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ''भारत नाम का विरोध कौन कर रहा है? क्या अब आपको भरत का नाम आते ही कष्ट होने लगा है?
Next Story