भारत

भारत न्याय जोड़ो यात्रा आज मुरादाबाद में, प्रियंका गांधी भी होंगी शामिल

Nilmani Pal
24 Feb 2024 1:44 AM GMT
भारत न्याय जोड़ो यात्रा आज मुरादाबाद में, प्रियंका गांधी भी होंगी शामिल
x

मुरादाबाद। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का यूपी में दूसरे चरण का आगाज आज शनिवार को मुरादाबाद से होगा। इसमें राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। यात्रा जामा मस्जिद से शुरू होगी और शहर की सीमा में कोहनूर तिराहा तक जाएगी। उधर जिला प्रशासन ने सिर्फ डबल फाटक तक ही यात्रा को निकालने की अनुमति देकर पेंच फंसा दिया है। कांग्रेसी आगे इसी रूट से यात्रा निकालने पर अड़े हैं। वेस्ट यूपी में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में मुरादाबाद से राहुल-प्रियंका एक साथ शामिल होंगे। दूसरे चरण की न्याय यात्रा का मुरादाबाद से जोरदार आगाज शनिवार को होने जा रहा है।

राहुल गांधी हेलीकाप्टर से मूढ़ापांडे में 9.35 बजे भदासना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। प्रियंका गांधी दिल्ली से सुबह चलकर सड़क मार्ग से मुरादाबाद पहुंच जाएगी। जामा मस्जिद चौराहे से यात्रा सुबह दस बजे शुरू होकर कोहिनूर तिराहे तक जाएगी। यहां से यात्रा अमरोहा के लिए बाईपास के रास्ते कैलसा रोड होकर रवाना होगी। राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का कल 42 वां दिन होगा। दूसरे चरण की यात्रा के मुरादाबाद में भव्य स्वागत की तैयारी है।

यूपी में गठबंधन का पेंच सुलझने के बाद यह पहला मौका होगा जब राहुल-प्रियंका एक साथ यात्रा में होंगे। स्थानीय कांग्रेस नेताओं का रूट चार्ट तैयार है। यात्रा जामा मस्जिद से इंदिरा चौक, गलशहीद, भूड़ा का चौराहा होते हुए ईदगाह से कोहिनूर तिराहे से अमरोहा के लिए रवाना हो जाएगी। संभल चौराहे (डबल फाटक) पर राहुल-प्रियंका लोगों को संबोधित करेंगे। उधर जिला प्रशासन ने संभल चौराहे तक ही अनुमति देकर यात्रा में पेंच फंसा दिया है। रेलवे के अफसरों की रिपोर्ट का हवाला देकर तर्क दिया है कि जर्जर डबल फाटक पुल से फ्लीट निकालना खतरे से खाली नहीं है। इस पर कांग्रेसी खफा हैं और इसी रूट से ही यात्रा निकालने पर अड़े हैं। गठबंधन के बाद सपा भी मुरादाबाद में यात्रा का स्वागत करेगी।

Next Story