भारत
सोशल मीडिया पर संदिग्ध वीडियो से सावधान, बिना जांचे न करें शेयर
Shantanu Roy
22 Nov 2026 3:10 PM IST

x
शिमला। तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं। अब डीपफेक तकनीक का दुरुपयोग कर ऐसे नकली वीडियो तैयार किए जा सकते हैं, जो देखने में बिलकुल असली लगते हैं। इन वीडियो के जरिए किसी व्यक्ति की आवाज, चेहरा या बयान को इस तरह बदला जा सकता है कि आम व्यक्ति के लिए असली और नकली में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। इसी को देखते हुए साइबर सैल ने लोगों को डीपफेक और फर्जी वीडियो को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। साइबर सैल ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले किसी भी संदिग्ध वीडियो पर तुरंत विश्वास न करें। यदि कोई वीडियो असामान्य, चौंकाने वाला या किसी व्यक्ति से जुड़ा ऐसा दावा करता दिखाई दे, जिस पर संदेह हो, तो उसे आगे भेजने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। बिना पुष्टि के किसी वीडियो को शेयर करने से गलत सूचना तेजी से फैल सकती है और इससे संबंधित व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ लोगों के साथ साइबर ठगी भी हो सकती है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वीडियो में दिखाई देने वाले चेहरे की गतिविधियों, आवाज और होंठों के बीच तालमेल तथा वीडियो की असामान्य गुणवत्ता जैसे संकेतों पर ध्यान दें। हालांकि आधुनिक डीपफेक तकनीक इतनी उन्नत हो चुकी है कि केवल देखकर इसकी पहचान करना हमेशा संभव नहीं होता। इसलिए किसी महत्त्वपूर्ण या विवादित वीडियो की जानकारी दूसरे विश्वसनीय स्रोतों से भी जांचना जरूरी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर मिलने वाली हर जानकारी को सच न मानें और किसी भी संदिग्ध सामग्री को आगे बढ़ाने से पहले उसकी पुष्टि करें। साइबर सैल की एडवाइजरी में लोगों से कहा है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या साइबर अपराध का शिकार होने पर देरी न करें। साइबर अपराध की सूचना तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर दी जा सकती है। इसके अलावा ऑनलाइन शिकायत वेवसाइट पर कर सकते है। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और मामले की जांच में मदद मिल सकती है।
Next Story





