भारत

सावधान! बुजुर्ग से की ₹2.25 करोड़ की ठगी, ठगों ने खुद को बताया ATS अफसर

jantaserishta.com
6 March 2026 5:00 PM IST
सावधान! बुजुर्ग से की ₹2.25 करोड़ की ठगी, ठगों ने खुद को बताया ATS अफसर
x
पढ़ें पूरी खबर.
मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने एक 77 साल के बुजुर्ग को आतंकवाद से जुड़े फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर करीब 2.25 करोड़ रुपये ठग लिए. इस मामले में मुंबई पुलिस ने गुजरात से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन भावेशभाई मकवाना के रूप में हुई है. आरोप है कि वह साइबर ठगों के लिए बैंक खाते खोलकर उनमें ठगी से हासिल रकम जमा कराने में मदद करता था. पुलिस ने उसे तकनीकी विश्लेषण और जांच के आधार पर हिरासत में लिया.
यह मामला मुंबई के गोरेगांव निवासी एक बुजुर्ग की शिकायत के बाद सामने आया. पीड़ित ने बताया कि नवंबर 2025 में उसे एक फोन कॉल आया था. कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई पुलिस मुख्यालय का वरिष्ठ अधिकारी आकाश शर्मा बताया. उसने आरोप लगाया कि पीड़ित के नाम से जम्मू-कश्मीर में एक बैंक खाता खोला गया है, जिसका इस्तेमाल आतंकवादियों के लिए किया गया है और इसके बदले उन्हें 70 लाख रुपये कमीशन मिला है.
जब बुजुर्ग ने पूछताछ के लिए उपस्थित होने में असमर्थता जताई, तो कॉल एक अन्य व्यक्ति को ट्रांसफर कर दी गई, जिसने खुद को लखनऊ एंटी टेररिज्म स्क्वॉड का अधिकारी बताया. ठगों ने पीड़ित को बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर यह खाता खोला गया है और उसमें संदिग्ध धनराशि जमा की गई है.
इसके बाद पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक नोटिस भी भेजा गया, जिस पर उस समय के एनआईए प्रमुख सदानंद दाते के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया था. नोटिस में चेतावनी दी गई थी कि जांच में सहयोग नहीं करने पर उन्हें 10 साल की जेल और 5 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है. साथ ही एक फर्जी गिरफ्तारी वारंट और जब्ती आदेश की कॉपी भी भेजी गई.
डर के कारण बुजुर्ग ने ठगों के कहने पर अपने बैंक खातों की जानकारी साझा कर दी और 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2025 के बीच कई किश्तों में कुल 2.25 करोड़ रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए. पैसे मिलने के बाद ठगों ने पीड़ित से कहा कि उनकी जमानत मंजूर हो गई है और जल्द ही पूरी रकम वापस कर दी जाएगी. बाद में जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उसने उत्तर क्षेत्रीय साइबर डिवीजन में शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी किशन मकवाना की भूमिका की पुष्टि की और उसे इस सप्ताह गुजरात से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story