
x
Baddi. बद्दी। हिमाचल प्रदेश में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) की तीसरी तिमाही की रैंकिंग में पुलिस जिला बद्दी ने प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। डिजिटल पुलिसिंग, आपराधिक रिकॉर्ड के ऑनलाइन प्रबंधन और समयबद्ध डाटा अपडेट करने में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर बद्दी पुलिस को 41.64 अंक मिले हैं। वहीं, थाना स्तर की रैंकिंग में पुलिस थाना मानपुरा ने प्रदेशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जिला स्तर के साथ थाना स्तर पर भी बद्दी पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पुलिस थाना मानपुरा ने प्रदेश के सभी पुलिस थानों की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल कर अपनी डिजिटल कार्यप्रणाली का बेहतर प्रदर्शन किया है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने इस उपलब्धि का श्रेय जिला के सभी पुलिस थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में आधुनिक तकनीक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बद्दी पुलिस भविष्य में भी डिजिटल तकनीक का बेहतर उपयोग कर आम जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत रहेगी। जानकारी के अनुसार सीसीटीएनएस के तहत पुलिस थानों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन राज्य स्तर पर निर्धारित विभिन्न मापदंडों के आधार पर किया जाता है। इनमें आपराधिक मामलों की ऑनलाइन एंट्री, केस ट्रैकिंग, रिकॉर्ड का डिजिटल प्रबंधन और समयबद्ध डाटा फीडिंग सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इन मापदंडों पर पुलिस जिला बद्दी के सभी छह पुलिस थानों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
Next Story





