भारत

नगर निगम के ऑनलाइन लाइव वॉल पर देश दुनिया में पहुंचेगा बेतिया का नाम

Nil dhankar
14 April 2023 5:43 PM IST
नगर निगम के ऑनलाइन लाइव वॉल पर देश दुनिया में पहुंचेगा बेतिया का नाम
x

बेतिया। अब नगर निगम क्षेत्र के मुख्य स्थान और सड़कों पर लगने वाले साइनेज बोर्ड आगंतुक और पर्यटकों के मार्गदर्शन करेंगे। बाहर से आने वाले अनजान लोगों के लिए मुख्य इलाका, रोड और चौक चौराहों की जानकारी के लिए किसी से पूछना नहीं पड़ेगा। ये साइनेज बोर्ड बेतिया नगर निगम क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थलों के इतिहास और विशेषताओं की जानकारी भी देंगे। जल्दी ही पूरे नगर निगम क्षेत्र के लोगों को इसकी सौगात दी जाएगी। साइनेज बोर्ड के जरिये नगर निगम क्षेत्र के स्थान विशेष की जानकारी मिल जायेगी। आज बाबा साहब श्री भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर अम्बेडकर कॉलोनी स्थानीय वार्ड पार्षद दीपक कुमार की उपस्थिति में श्रीबाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद श्रीमती सिकारिया ने बताया कि सभी मुख्य स्थानों पर साइनेज लगाने के कार्य इसी माह में शुरू कर दिया जायेगा। योजना को कार्यरूप देने पर जरूरत के हिसाब से इसका और विस्तार किया जायेगा। यहां उल्लेखनीय है कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में जगह जगह साइनेज के साथ ही एक तरह के ग्राफिक डिस्प्ले दिखाने के लिये इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड लगाने के कार्य में नगर निगम महापौर गरिमा देवी सिकारिया, नगर आयुक्त शम्भू कुमार, सिटी मैनेजर अरविन्द कुमार एवं नगर निगम प्रसाशन लगा हुआ है, जिसका उद्देश्य कम शब्दों या संकेतों के द्वारा नगर निगम के मुख्य स्थानों, सूचना एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है।

"मैं बेतिया हूं" के ऑनलाइन साइट पर देश विदेश में लाइव होगा बेतिया नगर निगम क्षेत्र

नगर निगम महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि इसी योजना के सेकेंड फेज में क्यूआर कोड और "मैं बेतिया हूं" के ऑनलाइन वॉल पर अपने नगर निगम क्षेत्र देश विदेश में लाइव किया जायेगा। अर्थात "मैं बेतिया हूं" के माध्यम से भी बेतिया के ऐतिहासिक पहचान और विशेषताओं की जानकारी नगर निगम प्रशासन के साइट पर ऑनलाइन साझा की जायेगी। इसके माध्यम से पूरे प्रदेश, देश और दुनियाभर में बेतिया के विशेषताओं का प्रचार प्रसार करके पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बेतिया के पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व को भी जानकारी ग्लोबल स्तर पर साझा की जायेगी। महापौर ने बताया कि इसको तैयार करने के लिए टीम गठित करने और सक्षम आउट सोर्सिंग एजेंसी की सेवा लेने की एक महत्वाकांक्षी योजना पर विचार किया जा रहा है।

Next Story