भारत
'बंगाली वही खाएंगे जो मन करेगा', धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर BJP नेता समिक भट्टाचार्य का पलटवार
jantaserishta.com
8 Sept 2026 3:18 PM IST

x
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से पहले खान-पान को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से बंगालियों के मांसाहार को लेकर की गई टिप्पणी पर अब पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने जवाब दिया है। समिक भट्टाचार्य ने साफ कहा कि किसी राजनीतिक दल या साधु को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि बंगाल के लोग क्या खाएंगे और क्या नहीं।
धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा था?
दरअसल, दुर्गा पूजा को अब करीब एक महीना ही बचा है। इसी बीच धीरेंद्र शास्त्री का एक बयान चर्चा में आ गया। उन्होंने दुर्गा पूजा के दौरान बंगालियों के मांसाहार करने पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि ऐसा करने वालों को अपने धार्मिक आचरण पर विचार करना चाहिए। उनके इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में प्रतिक्रिया सामने आने लगी।
इसी मुद्दे पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने धीरेंद्र शास्त्री की बात का विरोध किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में खान-पान की अपनी परंपराएं हैं और इसे कोई राजनीतिक दल या साधु तय नहीं कर सकता।
'बंगाली वही खाएंगे जो मन करेगा'
समिक भट्टाचार्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बंगाल में नवरात्र के दौरान अष्टमी पर लोग लुची यानी पूरी खाते हैं, जबकि नवमी के दिन मटन खाने की परंपरा भी देखने को मिलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बंगाली मछली और मांस नहीं खा सकते?
बीजेपी नेता ने कहा कि बंगाली वही खाएंगे जो उनका मन करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वामी विवेकानंद को मानते हैं और अगर उन्होंने इस तरह के खान-पान पर आपत्ति नहीं जताई, तो किसी और की बात मानने की जरूरत क्यों होनी चाहिए।
समिक भट्टाचार्य ने मां काली को मटन का भोग लगाए जाने की परंपरा का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि धीरेंद्र शास्त्री काफी लोकप्रिय हैं और बंगाल में भी बड़ी संख्या में लोग उनकी कथाएं सुनते हैं, लेकिन किसी साधु या मौलवी की ओर से कही गई बात से बंगालियों की खान-पान की परंपरा नहीं बदल जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद एक नेता हैं और बंगाल की संस्कृति को अच्छी तरह जानते हैं।
TMC ने भी जताई आपत्ति
धीरेंद्र शास्त्री को लेकर तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी विरोध सामने आया है। 6 सितंबर को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने धीरेंद्र शास्त्री को कोलकाता में डिनर के लिए आमंत्रित किया था। इसी को लेकर TMC ने सवाल उठाए।
पार्टी ने अपने बयान में कहा कि बागेश्वर बाबा का स्वागत करने के बाद बंगालियों से नॉन-वेज खाना छोड़ने की अपील की जा रही है। TMC ने सवाल किया कि क्या बीजेपी बंगालियों की थाली से उनका पसंदीदा खाना हटाना चाहती है?
कांग्रेस ने भी साधा निशाना
इस विवाद में कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शुभांकर सरकार ने धीरेंद्र शास्त्री को दी जा रही अहमियत पर सवाल उठाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार की जमीनी पकड़ कमजोर है और फैसलों का नियंत्रण कहीं और से हो रहा है।
दुर्गा पूजा नजदीक आने के साथ ही धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी और उस पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के जवाब ने बंगाल की राजनीति में खान-पान और संस्कृति से जुड़ी बहस को हवा दे रही है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





