भारत

जंगल में महिला का सिर कटा शव मिला, पूजा सामग्री मिलने से नरबलि की आशंका

jantaserishta.com
11 Sept 2026 3:19 PM IST
जंगल में महिला का सिर कटा शव मिला, पूजा सामग्री मिलने से नरबलि की आशंका
x
सनसनी फैल गई.
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों से मिले। घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई कि महिला की हत्या नरबलि के उद्देश्य से की गई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने ऐसी किसी आशंका की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। घटना ढांगी बस्ती स्थित मड़ई थान के आगे चटनियां पुल के सामने जंगल की है। शुक्रवार को स्थानीय निवासी किशोर कुमार महतो शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर महिला के पैर पर पड़ी। संदेह होने पर उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जंगल में महिला का शव पड़ा देखा।
ग्रामीणों की सूचना पर बलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और शव के अलग-अलग हिस्सों को बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, महिला का सिर प्लास्टिक के बोरे में मिला, जबकि धड़ जंगल में दूसरे स्थान पर पड़ा था। घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और महिला की हत्या को नरबलि से जोड़कर आशंका जताने लगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी इस संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story