भारत

नीतीश कुमार को नसीहत देने से पहले तेजस्वी यादव अपने गिरेबान में झांकें: राजीव रंजन

jantaserishta.com
12 Sept 2025 1:13 PM IST
नीतीश कुमार को नसीहत देने से पहले तेजस्वी यादव अपने गिरेबान में झांकें: राजीव रंजन
x
पटना: राष्ट्रीय जनता दल के विधायक और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर राज्य में सियासी बयानबाजियों का दौर जारी है। इसी बीच जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर जोरदार पलटवार किया है।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव से कई सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव शायद भूल गए हैं कि अब बिहार 1990 से 2005 वाला दौर नहीं रहा, जब अपराध और राजनीति का गठजोड़ सत्ता पर सीधी पकड़ रखता था।
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि राजद शासनकाल में अपराध और बाहुबलियों का बोलबाला था। बड़े-बड़े अपराधी राजनीति के जरिए सत्ता पर काबिज रहते थे और विरोधियों को राजनीतिक तौर पर ठिकाने लगाने का खेल आम था। उस दौर की घटनाओं को याद कर लोग आज भी सिहर उठते हैं।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव की ओर से नीतीश कुमार को नसीहत दिए जाने पर भी तल्ख टिप्पणी की। राजीव रंजन ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उपदेश देने से पहले तेजस्वी यादव अपने गिरेबान में झांककर देखें। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले हथकड़ियों में जकड़े सुभाष यादव के नामांकन में आप खुद शामिल थे। जनता भली-भांति जानती है कि अपराधियों के साथ कौन है और अपराधियों के खिलाफ कौन।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता बहुत समझदार है और वह जानती है कि कौन अपराधियों को संरक्षण देता है और कौन उनके खिलाफ खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके नेतृत्व में सरकार ने राज्य को अपराध और अराजकता से निकालकर विकास की राह पर लाया है। आज बिहार की पहचान विकास से है। नीतीश कुमार की विकास नीति का कारण है कि लोग जनता दल यूनाइटेड और राज्य सरकार पर भरोसा करते हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story