भारत
पत्नी की कथित हत्या के आरोप में BDO अरेस्ट, अब दारोगा गर्लफ्रेंड भी गिरफ्तार, मामले में नया मोड़ आया
jantaserishta.com
9 July 2026 8:13 AM IST

x
जानें पूरा मामला.
दरभंगा: दरभंगा के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मनोज कुमार की पत्नी की कथित दहेज हत्या के मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में आरोपी BDO मनोज कुमार की कथित प्रेमिका और बेगूसराय जिला पुलिस बल में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) अनु कुमारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे उसके पैतृक जिला सीतामढ़ी से दबोचा. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है.
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि मिठनपुरा थाना कांड संख्या 191/26 में मृतका के भाई राजकुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसकी बहन को पति मनोज कुमार, सास, देवर और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि BDO मनोज कुमार का एक अन्य महिला के साथ प्रेम-प्रसंग था. मृतका के भाई का आरोप है कि इसी वजह से उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था. जांच के दौरान SIT ने सबसे पहले मुख्य आरोपी BDO मनोज कुमार को गिरफ्तार किया.
इसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच आगे बढ़ाई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ और अनुसंधान के दौरान मनोज कुमार और बेगूसराय जिला पुलिस बल में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक अनु कुमारी के बीच प्रेम-प्रसंग की पुष्टि होने का दावा किया गया. इसके आधार पर अनु कुमारी को भी गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने बताया कि अनु कुमारी को उसके पैतृक जिला सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. अब पुलिस इस मोबाइल की जांच करेगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके.
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस अब मामले के अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है. इनमें BDO मनोज कुमार की मां, बहन और भाई शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है. दहेज हत्या और कथित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है. बरामद मोबाइल फोन की फोरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





