भारत

बारापुला फ्लाईओवर प्रोजेक्ट में देरी पर एसीबी का शिकंजा, अज्ञात अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर

jantaserishta.com
31 Jan 2026 2:00 PM IST
बारापुला फ्लाईओवर प्रोजेक्ट में देरी पर एसीबी का शिकंजा, अज्ञात अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर
x
नई दिल्ली: दिल्ली के बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर प्रोजेक्ट के निर्माण में हुई अत्यधिक देरी और लागत में भारी बढ़ोतरी के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7ए और 13 के तहत अज्ञात सरकारी अधिकारी और एक निजी ठेकेदार के खिलाफ दर्ज की गई है।
दिल्ली के उपराज्यपाल ने अक्टूबर 2025 में इस मामले की जांच के आदेश दिए थे और कहा गया था कि इससे सरकारी खजाने को सैकड़ों करोड़ का नुकसान हो सकता है। यह संज्ञान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सिफारिश पर लिया गया था।
8 जुलाई 2025 को हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में भी इस परियोजना की देरी पर चिंता जताई गई थी। ईएफसी ने गैर-सक्षम अधिकारियों द्वारा मध्यस्थता पुरस्कार स्वीकारने और देरी पर गहन जांच की सिफारिश की थी।
एसीबी अब परियोजना से जुड़े सारे दस्तावेज की जांच कर रही है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी रिकॉर्ड एसीबी को सौंप दें। फ्लाईओवर की बात करें तो यह 3.5 किलोमीटर लंबा चार लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो सराय काले खां में बारापुल्ला फ्लाईओवर से जुड़ेगा। इसे 2011 में मंजूरी मिली थी और दिसंबर 2014 में 1,260.63 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी। अप्रैल 2015 में एल एंड टी को निर्माण का ठेका सौंपा गया। यह परियोजना अक्टूबर 2017 तक पूरी होनी थी, लेकिन जमीन अधिग्रहण, पेड़ कटाई की अनुमति में देरी और विभागीय लापरवाही के चलते प्रोजेक्ट पिछड़ गया।
अब इसे जून 2026 तक पूरा करने की उम्मीद है। अब तक लगभग 1,238.68 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं, जबकि नई अनुमानित लागत बढ़कर 1,330 करोड़ रुपए हो गई है। फिलहाल एसीबी ने निर्माण में हुई अत्यधिक देरी और लागत में भारी बढ़ोतरी को लेकर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं एल एंड टी ने भी एसीबी जांच में सहयोग का भरोसा दिया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story