
x
पत्नी फरार
Meerut मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बैंक मैनेजर यमन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि सामान की डिलीवरी में महज पांच मिनट की देरी होने से नाराज बैंक मैनेजर और उसकी पत्नी ने डिलीवरी बॉय अमित को फ्लैट के अंदर बंद कर उसके साथ मारपीट की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पत्नी अभी फरार बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार डिलीवरी बॉय अमित सामान लेकर आरोपी के फ्लैट पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि डिलीवरी तय समय से करीब पांच मिनट देरी से पहुंची थी। इसी बात को लेकर बैंक मैनेजर यमन और उसकी पत्नी नाराज हो गए। आरोप है कि पहले दोनों ने अमित से विवाद किया और इसके बाद उसे फ्लैट के अंदर बंद कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि पति-पत्नी ने मिलकर करीब तीन मिनट तक उसके साथ मारपीट की। इस दौरान डिलीवरी बॉय खुद को बचाने की कोशिश करता रहा। घटना से जुड़ा वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया और तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचने के बाद जांच शुरू की गई। पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी ली और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद आरोपी बैंक मैनेजर यमन की तलाश शुरू की गई और उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस अब मामले में आरोपी की पत्नी की तलाश कर रही है। आरोप है कि मारपीट में उसकी भी भूमिका थी। पुलिस संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। डिलीवरी एजेंटों के साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। ऑनलाइन सामान और भोजन की डिलीवरी करने वाले कर्मचारी अक्सर समय के दबाव में काम करते हैं। ऐसे में महज कुछ मिनट की देरी को लेक र किसी कर्मचारी के साथ मारपीट किए जाने की घटना ने एक बार फिर उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार बैंक मैनेजर के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। फरार महिला की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं। वायरल वीडियो और पीड़ित के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
Next Story





