भारत

भारत के खिलाफ यूएन पहुंचा बांग्लादेश, लगाई ये गुहार

jantaserishta.com
21 Sept 2021 7:18 AM IST
भारत के खिलाफ यूएन पहुंचा बांग्लादेश, लगाई ये गुहार
x

नई दिल्ली: बांग्लादेश ने संयुक्त राष्ट्र (UN) से अपील की है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में समुद्री सीमा को लेकर भारत के साथ दशकों पुराने विवाद को सुलझाया जाए. विदेश मंत्रालय के एक सूत्र के अनुसार, UN मुख्यालय में बांग्लादेश के एक स्थायी मिशन ने भारत के खिलाफ यूएन महासचिव को दो अपील दायर की हैं. बांग्लादेश के पूर्व विदेश सचिव शाहिदुल हक ने एनादोलु एजेंसी के साथ बातचीत में कहा कि ये विवाद दोनों देशों के बीच कई सालों से लटका हुआ है. इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच दर्जनों द्विपक्षीय बैठक भी हुई हैं लेकिन वे इस मुद्दे को हल करने में असफल रहे हैं.

हक ने आगे कहा कि अब दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र जाने का फैसला किया है और हमें उम्मीद है कि यूएन इस मसले का स्थायी समाधान निकालने में कामयाब रहेगा. उन्होंने ये भी कहा कि बांग्लादेश ने यूएन में याचिका दायर करने के साथ ही अपनी भूमिका निभा ली है. गौरतलब है कि इस साल अप्रैल के महीने में भारत ने संयुक्त राष्ट्र को एक पत्र लिखकर बांग्लादेश द्वारा निर्धारित की गई बेसलाइन को लेकर विरोध जताया था.
ढाका विश्वविद्यालय में इंटरनेशनल रिलेशन्स के प्रोफेसर और राजनयिक विश्लेषक चौधरी रफीकुल अबरार ने एनादोलु एजेंसी के साथ बातचीत में कहा कि बंगाल की खाड़ी बांग्लादेश के लिए एक अनूठा और महत्वपूर्ण संसाधन है और बांग्लादेश की संप्रभुता का संबंध इस देश के समुद्री क्षेत्र से है.
रफीकुल ने भारत से आग्रह किया है कि वो इस विवाद को सुलझाने में समुद्र के कानूनों को लेकर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन के प्रावधानों का पालन करे. उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश दावा कर रहे हैं कि दोनों देशों के बीच अच्छे संबंध हैं. ऐसे में मुझे उम्मीद है कि दोनों ही देश संयुक्त राष्ट्र द्वारा लिए जाने वाले किसी भी निर्णय को स्वीकार करते हुए इस दशकों पुराने विवाद को सुलझाने में कामयाब होंगे.
गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र में बांग्लादेश के दावे के अनुसार, भारत का बेस प्वाइंट 89 बांग्लादेश की समुद्री सीमा के पास स्थित है. बता दें कि बंगाल की खाड़ी दक्षिण एशियाई क्षेत्र में रणनीतिक रूप से काफी अहम है जो बांग्लादेश, भारत और म्यांमार जैसे देशों के बीच विभाजित है. बंगाल की खाड़ी खासतौर पर बांग्लादेश के लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि ये जगह हिल्सा और अन्य मछलियों का मुख्य स्त्रोत है. तट के पास रहने वाले लाखों लोग बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ कर अपनी जिंदगी गुजर बसर करते हैं.

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story